Weather Update: उत्तर भारत में मॉनसून फिर रफ्तार पकड़ता नजर आ रहा है. पहाड़ी इलाकों से लेकर मैदानों तक बारिश का सिलसिला जारी है. हालांकि दिल्ली-एनसीआर के लोग अब तक भीषण गर्मी और चिपचिपी उमस से जूझ रहे हैं, लेकिन आज मौसम कुछ राहत देने के मूड में दिख रहा है.
भारतीय मौसम विभाग (IMD) की मानें तो राजधानी में सोमवार को गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिल सकती है.
राजधानी में आज बारिश की उम्मीद
बीते कुछ दिनों से दिल्ली में तेज धूप और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. खासकर सुबह और दोपहर के वक्त चिलचिलाती गर्मी का असर साफ महसूस हो रहा है. लेकिन राहत की बात ये है कि मौसम विभाग ने आज यानी 28 जुलाई को राजधानी में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश के आसार जताए हैं. अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 27 डिग्री के आस-पास रहने की संभावना है.
वहीं दिल्ली के लक्ष्मी नगर, रोहिणी, मदर डेयरी, नरेला, पीतमपुरा, बादली, मुंडका, पश्चिम विहार और पंजाबी बाग जैसे इलाकों में हल्की फुहारें पड़ सकती हैं. इससे कुछ देर के लिए गर्मी से राहत जरूर मिल सकती है, लेकिन उमस में बहुत ज़्यादा बदलाव की उम्मीद नहीं की जा रही.
यूपी, बिहार और एमपी में भारी बारिश के संकेत
दिल्ली के अलावा उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान और हिमाचल प्रदेश में भी आज बारिश का असर दिख सकता है. खासकर यूपी में कई जिलों में झमाझम बारिश की चेतावनी जारी की गई है. मौसम विभाग के मुताबिक कन्नौज,
हरदोई, कानपुर देहात, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, झांसी, जालौन, हमीरपुर, सिद्धार्थनगर, सहारनपुर, बिजनौर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, बुलंदशहर, संभल, बरेली, पीलीभीत, हापुड़, रामपुर, महामायानगर और ज्योतिबा फुले नगर में आज भारी बारिश हो सकती है.
इन इलाकों में तेज बारिश के कारण जलभराव और यातायात में दिक्कतें भी हो सकती हैं. प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और जरूरत न हो तो घरों में ही रहने की सलाह दी है.
आपके शहर में मौसम का हाल

ये भी पढ़ें- Monsoon Session: पहलगाम हमले और ऑपरेशन सिंदूर पर आज होगी संसद में चर्चा, कांग्रेस ने सभी सांसदों को जारी किया व्हिप
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


