Bharat Express DD Free Dish

ये तो बस ट्रेलर ‘पिक्चर’ अभी बाकी…! बंगाल की खाड़ी में मॉनसून का नया धमाका, मूसलाधार बारिश का अलर्ट

बंगाल की खाड़ी में नए चक्रवाती परिसंचरण और संभावित कम दबाव के क्षेत्र से पूर्वी और मध्य भारत में बारिश का नया दौर तेज हो सकता है. पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, बिहार, यूपी, राजस्थान समेत कई राज्यों में भारी बारिश और पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा रहेगा.

Weather Update Today: देश भर में मानसून अपनी पूरी रंगबाज़ी दिखा रहा है, लेकिन मौसम विभाग (IMD) का कहना है कि असली धमाल होना अभी बाकी है. दरअसल उत्तरी बंगाल की खाड़ी में एक नया चक्रवाती परिसंचरण (cyclonic circulation) और 13 अगस्त के आसपास एक नया कम दबाव का क्षेत्र (Low Pressure Area) बनने जा रहा है.

इस नए मानसूनी सिस्टम के एक्टिव होते ही पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, बिहार, यूपी और राजस्थान समेत देश के करीब 18 राज्यों में धुआंधार बारिश का नया दौर शुरू हो जाएगा. स्वतंत्रता दिवस यानी 15 अगस्त तक देश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश और वज्रपात की सख्त चेतावनी जारी की गई है.

बंगाल की खाड़ी में नया ‘सिस्टम'(Monsoon Rain Alert 2026)

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 11 अगस्त को उत्तरी बंगाल की खाड़ी और पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश तट के पास एक नया चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बनेगा, जो 13 अगस्त तक कम दबाव के क्षेत्र में तब्दील हो जाएगा. इस नए सिस्टम की वजह से पूर्वी और मध्य भारत में मानसून फिर से रौद्र रूप दिखाएगा.

वहीं पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, छत्तीसगढ़ और बिहार में 13 से 15 अगस्त के बीच मूसलाधार बारिश का नया चक्र शुरू होगा, जो नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ा सकता है.

पहाड़ों पर 15 अगस्त तक आफत(Heavy Rain Alert today)

पहाड़ी राज्यों में मौसम का मिजाज बेहद खौफनाक बना हुआ है. मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 15 अगस्त तक व्यापक बारिश का अलर्ट जारी किया है. उत्तराखंड और हिमाचल में 10 से 11 अगस्त के दौरान कई जगहों पर ‘बहुत भारी’ बारिश की आशंका है.

इसके साथ ही पहाड़ों पर बादल गरजने, आकाशीय बिजली गिरने और लैंडस्लाइड (भूस्खलन) की चेतावनी को देखते हुए पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सावधान रहने की सलाह दी गई है.

दिल्ली में स्थिर रहेगा मौसम (Weather Update Today)

राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों (NCR) में मौसम फिलहाल कमोबेश स्थिर रहेगा लेकिन उमस भरी गर्मी लोगों को बेहाल कर देगी. वहीं दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में 10-11 और 13 अगस्त को हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. वहीं, पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 13 और 14 अगस्त को मानसून पूरी रफ्तार पकड़ेगा, जहां कई जिलों में झमाझम बारिश होने की पूरी संभावना जताई गई है.

एमपी और गुजरात तक भारी बारिश का अलर्ट

मध्य भारत में मानसूनी ट्रफ और कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय होने से पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में अगले 48 घंटों में बहुत भारी बारिश दर्ज की जा सकती है. पिछले 24 घंटों के दौरान भी एमपी, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में 12 से 20 सेंटीमीटर तक पानी बरसा है. गुजरात क्षेत्र में 10 से 12 अगस्त के दौरान जोरदार बारिश होगी, जिसमें 11 अगस्त का दिन सबसे ज्यादा भारी रहने का अनुमान है.

ये भी पढ़ें: मोदी सरकार ने दी सौगात: कर्नाटक के दलित छात्रों को Post Matric Scholarship में मिले ₹1,178 करोड़, खातों में सीधे भेजा

दक्षिण भारत में 60 की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

दक्षिण और पश्चिमी तटों की बात करें तो कोंकण-गोवा, तटीय कर्नाटक और केरल में 15 अगस्त तक लगातार मूसलाधार बारिश जारी रहेगी. तमिलनाडु, केरल, माहे और लक्षद्वीप में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी, जिनके झोंके 60 KM/H तक पहुंच सकते हैं. अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में समंदर के उग्र रूप को देखते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों को गहरे समुद्र में न जाने की सख्त हिदायत दी है.

-भारत एक्सप्रेस

 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read