Bharat Express DD Free Dish

Weather Update: दिल्ली में बढ़ने वाली है ठंड, यूपी–बिहार कोहरे में लिपटा, कश्मीर में तापमान शून्य से नीचे, जानें आपके राज्य में मौसम का हाल

उत्तरी भारत में मौसम तेजी से बदल रहा है. दिल्ली में ठंड बढ़ने वाली है, जबकि यूपी–बिहार सुबह से ही कोहरे में डूबे हैं. कश्मीर में पारा शून्य से नीचे पहुंच चुका है. जानें आज आपके राज्य का मौसम कैसा रहेगा.

Weather Update, IMD forecast, Winter 2025

Weather Update: दिसंबर का आधा महीना नजदीक है, लेकिन दिल्ली-एनसीआर में अभी तक वह कड़ाके की ठंड देखने को नहीं मिली जिसका इंतज़ार लोग हर साल करते हैं. सुबह-शाम की हल्की सर्द हवाएं जरूर महसूस हो रही हैं, लेकिन न कोहरे की परत उतर रही है और न ही ठिठुरन वाली सर्दी पड़ रही है. वहीं दूसरी ओर यूपी-बिहार पूरी तरह विपरीत हालात झेल रहे हैं, जहां दिन की शुरुआत ही घने कोहरे की चादर के साथ हो रही है.

दिल्ली में 15 दिसंबर के बाद बदलेगा मौसम

मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली-एनसीआर में असली ठंड की एंट्री अभी बाकी है. 15 दिसंबर से तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है. यानी इस बार ठंड एक बार में और तेजी से दस्तक दे सकती है.

इसी बीच शनिवार को राजधानी का मौसम थोड़ा खराब रह सकता है. बादल छाए रहने और हल्की ठंड बढ़ने की संभावना जताई गई है.

यूपी–बिहार घने कोहरे में लिपटे

दिल्ली में भले कोहरा न हो, लेकिन उससे सटे यूपी और बिहार में दृश्यता बेहद कम हो गई है. आगरा, अलीगढ़, मेरठ, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर में आज घना कोहरा छा सकता है.

बिहार के सीमांचल इलाके- कटिहार, अररिया, किशनगंज और पूर्णिया में कोहरे के साथ शीतलहर चलने का भी अनुमान है. मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों के लोगों को खास सावधानी बरतने की सलाह दी है.

राजस्थान में पारा लगातार नीचे

उत्तर भारत के कई हिस्सों की तरह राजस्थान में भी ठंड जोर पकड़ चुकी है. फतेहपुर में तापमान 4 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है. नागौर, जालोर, दौसा, लूणकरणसर, करौली, सिरोही और पाली में भी रात का पारा 5 से 7 डिग्री के बीच दर्ज किया गया.

जयपुर में हालांकि तापमान थोड़ा ऊपर है, लेकिन वहां भी 10 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है.

अगले एक सप्ताह राजस्थान में मौसम शुष्क रहने की संभावना है, हालांकि हल्के बादल दिखाई दे सकते हैं. 18 से 20 दिसंबर के बीच एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे मौसम में फिर बदलाव आ सकता है.

ये भी पढ़ें- Weather Update: उत्तर भारत में गिरने लगा तापमान, पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी का दौर शुरू, दक्षिण राज्यों में थमा बारिश का सिलसिला

उत्तराखंड में हल्के कोहरे और बर्फबारी की उम्मीद

उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में सुबह हल्का कोहरा छाने के आसार हैं. 12 और 13 दिसंबर को मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन 14 दिसंबर को उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में बहुत हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है. ऊंचाई वाले इलाकों यानी 3500 मीटर से अधिक में, बर्फबारी की संभावना ज्यादा है.

कश्मीर में हड्डियां जमा देने वाली ठंड

कश्मीर घाटी में पारा लगातार शून्य से नीचे गिर रहा है. श्रीनगर का तापमान -2°C तक पहुंच चुका है. काजीगुंड, कुपवाड़ा, पहलगाम और कोकरनाग सभी जगहों पर न्यूनतम तापमान शून्य से 1 से 4 डिग्री नीचे रिकॉर्ड किया गया. गुलमर्ग में तापमान ठीक 0°C पर टिक गया है, लेकिन ऊंचाई के कारण ठंड कई गुना ज्यादा महसूस हो रही है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

– भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read