Bharat Express DD Free Dish

आसमान से बरस रही ‘आग! क्या कल से मिलने वाली है गर्मी से राहत? अगले 24 घंटे में पलटी मारेगा मौसम

उत्तर भारत में आज लू का प्रचंड प्रकोप है, जहां दिल्ली में सीजन की सबसे गर्म रात दर्ज की गई और यूपी के बांदा में पारा 46 डिग्री पार कर गया. हालांकि, 28 अप्रैल से दिल्ली, यूपी, बिहार और एमपी में आंधी-बारिश का दौर शुरू होगा, जिससे तापमान में 5 डिग्री तक की गिरावट आने की उम्मीद है.

Today Weather Update: Heatwave in Delhi-UP and Bihar; Rain forecast from April 28

AI Image

आज 27 अप्रैल है और अगर आप घर से बाहर निकलने की सोच रहे हैं, तो जरा संभल जाइए. उत्तर भारत की सड़कें इस वक्त भट्टी की तरह तप रही हैं. आलम ये है कि दिल्ली से लेकर यूपी और बिहार तक सूरज अपना रौद्र रूप दिखा रहा है. दिल्ली-एनसीआर में तो रातें भी अब सुकून नहीं दे रही हैं. पंखे और कूलर फेल होने लगे हैं. लेकिन इस ‘टॉर्चर’ के बीच एक बड़ी राहत वाली खबर भी है. मौसम विभाग (IMD) ने उस तारीख का ऐलान कर दिया है, जब आसमान से राहत की बूंदें गिरेंगी और तपती धरती को थोड़ी शांति मिलेगी.

दिल्ली-NCR: लू के थपेड़ों के बीच मिलेगी राहत

राजधानी दिल्ली में बीती रात इस सीजन की सबसे गर्म रात दर्ज की गई. सफदरजंग में पारा 42 डिग्री के पार जा चुका है. आज यानी सोमवार को भी दिनभर लू (Heatwave) का सितम जारी रहेगा, जिसके लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी है. लेकिन सुकून वाली बात ये है कि बस आज का दिन और काट लीजिए! कल यानी 28 अप्रैल से मौसम करवट लेने वाला है. 28 से 30 अप्रैल के बीच दिल्ली-एनसीआर में आंधी के साथ बारिश और बूंदाबांदी के पूरे आसार हैं, जिससे तापमान में भारी गिरावट आएगी.

UP: बांदा में पारा 46 के पार

उत्तर प्रदेश में तो ऐसा लग रहा है जैसे जून का महीना अप्रैल में ही आ गया हो. बुंदेलखंड का बांदा जिला 46.6 डिग्री के साथ देश का सबसे गर्म इलाका बना हुआ है. प्रयागराज और वाराणसी में भी हालात कुछ ऐसे ही हैं. राज्य के करीब 40 जिलों में आज लू का भारी अलर्ट है.

हालांकि, राहत की एंट्री पश्चिमी यूपी से होने वाली है. आज रात से ही बादलों की आवाजाही शुरू हो जाएगी और 28 अप्रैल से 2 मई तक पूरे प्रदेश में झमाझम बारिश और ओलावृष्टि का ‘येलो अलर्ट’ है. धूल भरी आंधी और बौछारें पारे को 3 से 5 डिग्री तक नीचे ले आएंगी, जिससे झुलसाती गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी.

बिहार-झारखंड: तूफानी हवाओं और बारिश की चेतावनी

बिहार में तो मौसम ने कल रात से ही आंखें दिखानी शुरू कर दी हैं. सीमांचल और मिथिलांचल यानी पूर्णिया, कटिहार और किशनगंज जैसे जिलों में 70 से 80 किमी की रफ्तार से तूफानी हवाएं चल सकती हैं. मौसम विभाग ने येां ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है. वहीं झारखंड में भी अगले 5 दिनों तक बादल बरसने वाले हैं, जिससे फिलहाल लू से मुक्ति मिल जाएगी.

सावधानी ही बचाव

मौसम भले ही कल से सुधर जाए, लेकिन आज की दोपहर काफी भारी है. डॉक्टरों की सलाह है कि दोपहर 12 से 4 के बीच बहुत जरूरी न हो तो घर से बाहर न निकलें. खूब पानी पिएं, नींबू पानी और ओआरएस का घोल साथ रखें. गर्मी के इस ‘अंतिम प्रहार’ से खुद को बचाकर रखें, क्योंकि कल से तो इंद्र देव मेहरबान होने ही वाले हैं!

ये भी पढ़ें: कोलकाता में पीएम मोदी के रोड शो में उमड़ा जनसैलाब, महिलाओं ने कहा- चाहिए बदलाव

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read