Weather Update: उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड ने अपनी दस्तक दे दी है और हालात ये हैं कि अब घर से बाहर निकलना किसी चुनौती से कम नहीं लग रहा. दिल्ली-एनसीआर से लेकर यूपी, बिहार और राजस्थान तक, सर्द हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है. कोहरे की घनी चादर ने सूरज की रोशनी को भी फीका कर दिया है, जिससे दिन के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जा रही है. आइए विस्तार से जानते हैं कि आपके शहर में मौसम का क्या मिजाज रहने वाला है.
दिल्ली-NCR ठंड का ‘डबल अटैक’
राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में पहाड़ों से आ रही बर्फीली पछुआ हवाओं ने गलन बढ़ा दी है. सुबह के वक्त विजिबिलिटी काफी कम रह रही है, जिससे ट्रैफिक पर भी असर पड़ रहा है. मौसम विभाग (IMD) का कहना है कि आज दिन में भले ही थोड़ी धूप खिले, लेकिन वो हड्डियों को कंपा देने वाली इस ठंड के आगे बेअसर ही रहेगी.
एक राहत की बात यह है कि प्रदूषण के मोर्चे पर दिल्ली वालों को थोड़ी सांस लेने की जगह मिली है. एक समय 400 के पार रहने वाला AQI अब सुधरकर 230 के करीब पहुंच गया है. यानी हवा अब पहले के मुकाबले काफी साफ है, हालांकि ठंड का सितम अभी और बढ़ने के आसार हैं.
यूपी-बिहार में ‘ऑरेंज अलर्ट’
उत्तर प्रदेश और बिहार में ठंड के साथ-साथ कोहरा सबसे बड़ी समस्या बना हुआ है. यूपी के कौशाम्बी, प्रयागराज, जौनपुर और गोरखपुर समेत कई जिलों में मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. यहां ‘सील्ड डे’ जैसी स्थिति बनी हुई है, जहां सूरज के दर्शन होना मुश्किल लग रहा है. पश्चिमी यूपी में शाम ढलते ही पारा तेजी से गिर रहा है.
वहीं, बिहार की बात करें तो यहां बर्फीली हवाओं ने जनजीवन थाम सा दिया है. 29 दिसंबर तक राज्य में भीषण शीतलहर का दौर जारी रहने वाला है. प्रशासन ने लोगों को सावधानी बरतने और जरूरत पड़ने पर ही घर से निकलने की सलाह दी है.
ये भी पढ़ें- झारखंड का ‘दूधिया झरना’, मौत का दरिया! तमासिन जलप्रपात: सौंदर्य की चरम सीमा और सुरक्षा का शून्य स्तर
पहाड़ों पर बर्फबारी का इंतजार
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के निचले इलाकों में घना कोहरा छाया हुआ है. सैलानी जो मनाली और शिमला में भारी बर्फबारी की उम्मीद लेकर पहुंचे थे, उन्हें अभी थोड़ा और इंतजार करना पड़ सकता है. हालांकि, मौसम विभाग का अनुमान है कि 30 और 31 दिसंबर यानी नए साल के जश्न के वक्त पहाड़ों पर हल्की बर्फबारी हो सकती है. उत्तराखंड के उत्तरकाशी और चमोली जैसे ऊंचे इलाकों में आज हल्की बारिश और बर्फ की फुहारें गिरने की संभावना है.
राजस्थान, झारखंड और कश्मीर का हाल
राजस्थान: यहां भी सर्दी ने अपने तेवर कड़े कर लिए हैं. कई शहरों में रात का तापमान सामान्य से काफी नीचे चला गया है, जिससे लोग अलाव का सहारा लेने को मजबूर हैं.
झारखंड: रांची समेत आसपास के जिलों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आ सकती है. यहां कनकनी बढ़ने की पूरी संभावना है.
कश्मीर: घाटी में अभी मौसम शुष्क है, लेकिन नए साल से पहले यानी 29 दिसंबर से मौसम फिर करवट लेगा. ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के साथ मैदानी भागों में हल्की बारिश का अनुमान है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




