Bharat Express DD Free Dish

पश्चिम बंगाल में अभिषेक बनर्जी पर हमला, पांच गिरफ्तार, टीएमसी-बीजेपी आमने-सामने

Abhishek Banerjee attack: पश्चिम बंगाल में टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी पर सोनारपुर में हमला हुआ. पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया.

Abhishek Banerjee attack: पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के सोनारपुर इलाके में शनिवार को टीएमसी सांसद और राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी पर हमला हुआ. वे चुनाव के बाद हुई हिंसा के पीड़ित टीएमसी कार्यकर्ता संजू कर्माकर से मिलने पहुंचे थे. इसी दौरान सैकड़ों लोगों ने उन पर अंडे और पत्थर फेंके और ‘चोर-चोर’ के नारे लगाए.

सुरक्षाकर्मियों ने बचाया

घटना का वीडियो सामने आया है जिसमें अभिषेक बनर्जी क्रिकेट हेलमेट पहने नजर आ रहे हैं. भीड़ ने उनके कपड़े फाड़ दिए और चश्मा तोड़ दिया. हालात बिगड़ते देख सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप किया और उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला.

पुलिस की कार्रवाई

पुलिस ने इस मामले में तेजी दिखाते हुए कम से कम पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. इनमें तपन मैती और आकाश नाम के युवक भी शामिल हैं, जो कथित तौर पर हमले के दौरान वीडियो में दिखे थे. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.

अभिषेक का आरोप

अभिषेक बनर्जी ने इस हमले के लिए बीजेपी को जिम्मेदार ठहराया. उन्होंने कहा कि उन्हें जान से मारने की कोशिश की गई और पूरी घटना कैमरे में कैद है. उन्होंने कहा कि इस मामले को उच्च न्यायालय और राज्यपाल के सामने रखा जाएगा. अभिषेक ने आरोप लगाया कि बीजेपी लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश कर रही है.

ममता बनर्जी का बयान

टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी ने भी इस घटना पर तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि हमले के समय पुलिस मौजूद नहीं थी और अस्पताल में अभिषेक को दिए गए इलाज पर भी सवाल उठाए. ममता ने आरोप लगाया कि बीजेपी नेता अस्पतालों और डॉक्टरों पर दबाव बना रहे हैं ताकि इलाज प्रभावित हो. उन्होंने दावा किया कि अस्पताल प्रशासन को धमकी भरे फोन कॉल किए गए.

मंत्री दिलीप घोष की प्रतिक्रिया

पश्चिम बंगाल के मंत्री दिलीप घोष ने हमले की निंदा की लेकिन साथ ही कहा कि यह जनता के गुस्से का नतीजा है. उन्होंने कहा कि पिछले 15 सालों से लोग उत्पीड़न झेल रहे हैं और अब उनका आक्रोश बाहर आ रहा है. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि किसी को कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है.

‘हीरो बनने क्यों गए थे?’

दिलीप घोष ने अभिषेक बनर्जी के इलाके में जाने के फैसले पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि चुनाव परिणामों के बाद माहौल तनावपूर्ण था और ऐसे में 22 गाड़ियों के काफिले के साथ वहां जाना जनता को भड़काने जैसा था. उन्होंने कहा कि लोग मौके का इंतजार कर रहे थे और अभिषेक ने उन्हें मौका दे दिया.

ये भी पढ़ें-महाराष्ट्र में मनोज जरांगे ने खत्म किया अनशन, सरकार से बातचीत के बाद लिया फैसला

बीजेपी सांसद का हमला

बीजेपी सांसद सौमित्र खान ने अभिषेक बनर्जी पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि अभिषेक खुद चोर और डाकू हैं. खान ने यहां तक कहा कि उन पर गोबर का जल फेंकना चाहिए था.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read