Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

UP Politics: क्या राम मंदिर उद्घाटन के लिए अखिलेश यादव को नहीं दिया जाएगा न्योता…? डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य ने दिया ये जवाब

विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन की चुटकी लेते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि, देश में जो ‘ठगबंधन’ (गठबंधन) बना है उसके नेता रोज प्रधानमंत्री का अपमान करते हैं.

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य-अखिलेश यादव (फोटो-सोशल मीडिया)

UP Politics: लोकसभा चुनाव को देखते हुए यूपी की सियासत तेज हो गई है. भाजपा और सपा नेताओं में लगातार जुबानी जंग जारी है. इसी बीच उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के साथ ही इंडिया गठबंधन पर भी निशाना साधा. जहां एक ओर इंडिया गठबंधन को ठगबंधन कहा तो वहीं अखिलेश के लिए दावा किया कि वह अब कभी भी उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री नहीं बन सकेंगे जबकि मध्य प्रदेश में भाजपा के मोहन यादव बन सकते हैं. इस मौके पर पत्रकारों ने राम मंदिर उद्घाटन पर अखिलेश यादव को न्योता दिया जाएगा. इस पर उन्होंने कहा कि 22 जनवरी को भीड़ बहुत ज्यादा होगी.

शनिवार को डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने बदायूं के बिल्सी कस्बे में सम्राट अशोक की प्रतिमा का अनावरण करने के बाद आयोजित समारोह को संबोधित किया. इस मौके पर कहा कि, देश और प्रदेश में आज प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी चलती है. इसी के साथ ही विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन की चुटकी ली और कहा कि, देश में जो ‘ठगबंधन’ (गठबंधन) बना है उसके नेता रोज प्रधानमंत्री का अपमान करते हैं. इसी के साथ सपा प्रमुख के पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की नई परिभाषा बताते हुए कहा कि अखिलेश यादव का जो पीडीए है वो ‘परिवार, डेवलपमेंट, अथॉरिटी’ है. इसी के साथ ही राम मंदिर को लेकर कहा कि, ”राम मन्दिर किसी एक क़ा नहीं पूरे राष्ट्र का मन्दिर है, जिसको लेकर किसी ने एक रुपया तो किसी ने हजारों रुपये का योगदान दिया है. आज राम मन्दिर राष्ट्र मन्दिर है.’’ क्या अखिलेश को राम मंदिर उद्घाटन को लेकर न्योता दिया जाएगा, इस पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राम मंदिर ट्रस्ट तय करेगा किसे बुलाना चाहिए या नहीं, लेकिन इतना जरूर है कि भाजपा राम, कृष्ण एवं शिव भक्तों पर फूल बरसाती है. इसी के साथ उन्होंने अपील करते हुए कहा कि 22 जनवरी को अयोध्या न आएं. जिन लोगों को निमंत्रण भेजा गया है, सिर्फ वही लोग अयोध्या आएं.उन्होंने कहा कि 22 जनवरी को बहुत ज्यादा भीड़ होगी, जिस वजह से लोग एक दो दिन बाद अयोध्या में रामलला के दर्शन के लिए आएं. अयोध्या में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं.

ये भी पढ़ें- Ayodhya: राम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा के लिए तैयार, भक्त 25 फीट दूर से कर सकेंगे रामलला के दर्शन; BJP पेश करेगी बुकलेट

आएगी भाजपा की सुनामी

बरेली पहुंचे केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए कहा कि वह परिवार से ज्यादा सोच नहीं सकते हैं और सत्ता के बिना वैसे ही बैचेन है जैसे बिन पानी के मछली होती है. शनिवार को बरेली सर्किट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए मौर्य ने दावा किया कि 2024 (लोकसभा चुनाव) में भाजपा की सुनामी आयेगी और अबकी 400 से अधिक सीट भाजपा जीतेगी.

उपराष्ट्रपति का किया अपमान

बता दें कि उप मुख्यमंत्री ने बदायूं के लिए 19.5 करोड़ रुपये की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. इसी के साथ उन्होंने ये भी कहा कि ”आज विपक्ष के लोग़ उपराष्ट्रपति का अपमान करते हैं. इतना ही नही, देश में यह जो ठगबंधन बना है इसके नेता हर रोज देश के प्रधानमंत्री का अपमान करते हैं.” इसी के साथ दावा करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि, अखिलेश अब कभी आप उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री नही बन सकते हैं, जबकि मध्य प्रदेश में भाजपा के मोहन यादव मुख्यमंत्री बन सकते हैं.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital