Bharat Express DD Free Dish

पॉइंट्स टेबल में मची खलबली! ऋतुराज की कप्तानी पर संकट? लगातार दूसरी हार से सन्नाटे में चेन्नई

IPL 2026 के सातवें मैच में पंजाब किंग्स ने Chennai Super Kings को उनके घर में ही हरा दिया. श्रेयस अय्यर के अर्धशतक और प्रियांश आर्या की तूफानी पारी की बदौलत पंजाब ने 210 रनों का लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया.

ipl 2026 csk vs pbks yesterday ipl match report shreyas iyer half century punjab win

CSK vs PBKS: IPL 2026 का रोमांच अपने चरम पर है और शुक्रवार की रात चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में जो हुआ, उसने फैंस को दांतों तले उंगलियां दबाने पर मजबूर कर दिया. अपने घरेलू मैदान पर खेल रही चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को पंजाब किंग्स (PBKS) के हाथों 5 विकेट से करारी शिकस्त झेलनी पड़ी है. पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर ने मोर्चे से अगुवाई करते हुए न सिर्फ सीजन का अपना पहला अर्धशतक जड़ा, बल्कि टीम को लगातार दूसरी जीत दिलाकर अंकतालिका में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली है. दूसरी ओर, चेन्नई के लिए यह सीजन अब तक किसी बुरे सपने जैसा साबित हो रहा है, जहां उन्हें लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा है.

प्रियांश आर्या का ‘तूफान’

210 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स (Punjab Kings) की शुरुआत किसी आतिशबाजी से कम नहीं थी. युवा बल्लेबाज प्रियांश आर्या ने मैदान पर आते ही तबाही मचा दी. उन्होंने महज 11 गेंदों का सामना किया और 354 के स्ट्राइक रेट से 39 रन कूट डाले. प्रियांश ने अपनी इस छोटी लेकिन असरदार पारी में 4 छक्के और 3 चौके लगाकर चेन्नई (CSK) के गेंदबाजों की लाइन-लेंथ बिगाड़ दी. उनके आउट होने के बाद प्रभसिमरन सिंह (43 रन) और कूपर कोनोली (36 रन) ने पारी को आगे बढ़ाया.

हालांकि, बीच में नेहल वढेरा के जल्दी आउट होने से थोड़ा दबाव बना, लेकिन कप्तान श्रेयस अय्यर ने एक छोर मजबूती से थामे रखा. अय्यर ने 29 गेंदों में 50 रनों की कप्तानी पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 3 छक्के शामिल रहे. अंत में शशांक सिंह और मार्कस स्टोइनिस ने बिना किसी हड़बड़ाहट के टीम को 18.4 ओवर में ही जीत की दहलीज के पार पहुंचा दिया.

CSK के बल्लेबाजों की मेहनत पर फिरा पानी

इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी Chennai Super Kings ने स्कोरबोर्ड पर 209 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया था. हालांकि स्टार बल्लेबाज संजू सैमसन महज 7 रन बनाकर सस्ते में पवेलियन लौट गए, लेकिन उसके बाद आयुष म्हात्रे और कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ के बीच हुई 96 रनों की साझेदारी ने टीम को संभाला.

आयुष म्हात्रे और सरफराज खान का जलवा

आयुष म्हात्रे ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 43 गेंदों में 73 रनों की पारी खेली. मिडिल ऑर्डर में सरफराज खान ने भी अपना जलवा दिखाया और सिर्फ 12 गेंदों में 32 रन ठोक दिए.

वहीं, आखिर के ओवरों में शिवम दुबे के नाबाद 45 रनों की बदौलत चेन्नई एक बड़े स्कोर तक पहुंचने में सफल रही थी, लेकिन उनकी गेंदबाजी इस स्कोर को बचाने में नाकाम साबित हुई. मैट हेनरी और अंशुल कंबोज ने 2-2 विकेट जरूर लिए, मगर वे रनों की रफ्तार पर लगाम नहीं लगा सके.

ये भी पढ़ें: गोयनका का ‘दृश्यम’ दांव हुआ फेल! एक्स (X) ने कम्यूनिटी पोस्ट में लिखा- “पाप धोने के लिए दोबारा शूट किया सीन”

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read