MI Rohit Sharma captaincy (AI Image)
MI Rohit Sharma captaincy: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) के 19वें सीजन में पांच बार की चैंपियन रही मुंबई इंडियंस के लिए यह सीजन किसी बुरे दौर की तरह साबित हुआ है. अब तक मुंबई ने 10 मैचों में से सिर्फ 3 में जीत हासिल की है. इसी के चलते टीम ने अपने पिछले मैच में, एक प्रयोग के तौर पर कहें या फिर हार्दिक पंड्या (Hardik Pandya) की चोट के कारण, सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) को कप्तानी सौंपी थी और टीम ने जीत हासिल की थी. मुंबई ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 6 विकेट से हराया था. हालांकि, उसके बाद से खबरों और अटकलों का दौर शुरू हो गया कि मुंबई के कप्तान हार्दिक पंड्या से टीम मैनेजमेंट दूरी बना रहा है.
इसके साथ ही एक रिपोर्ट में दावा किया गया कि 10 मई को RCB (RCB vs MI) के साथ होने वाले मुकाबले के लिए हार्दिक पंड्या टीम के साथ रायपुर नहीं पहुंचे हैं. वहीं, इसके बाद एक और खबर सामने आई कि पिछले मैच के कप्तान सूर्यकुमार यादव निजी कारणों की वजह से रायपुर में होने वाला मैच नहीं खेलेंगे. हालांकि, इन रिपोर्ट्स में कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है. इसके बाद से यह अटकलें तेज हो गई हैं कि 10 मई को होने वाले इस मैच में मुंबई इंडियंस की कप्तानी क्या रोहित शर्मा (Will Rohit Sharma Captain Mumbai Indians) करेंगे. अगर रोहित शर्मा टीम की कप्तानी करते है तो 877 दिनों बाद यह मौका उन्हें मिलने वाला है.
जब रोहित की जगह हार्दिक को सौंपी कप्तानी
रोहित शर्मा ने मुंबई इंडियंस के लिए लगभग 11 सीजन तक कप्तानी की, उसके बाद 15 दिसंबर 2023 को मुंबई फ्रेंचाइजी ने एक ऐसा ऐलान किया, जो मुंबई और रोहित के फैंस के लिए बड़ा झटका साबित हुआ. मुंबई इंडियंस (MI) ने आधिकारिक तौर पर IPL 2024 सीजन के लिए नए कप्तान का ऐलान किया, जिसमें रोहित शर्मा की जगह हार्दिक पंड्या का नाम बोल्ड लेटर में कप्तान के रूप में लिखा गया था.
11 सीजन में 5 टॉफी
रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने 2013 से 2023 तक 11 सीजन में मुंबई इंडियंस की कप्तानी की (MI under Rohit Sharma captaincy). 2013 में टीम की कमान संभालने के बाद उन्होंने मुंबई को 5 बार आईपीएल चैंपियन बनाया. उनकी कप्तानी में टीम ने 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में खिताब जीते.
क्या रोहित बनेंगे कप्तान?
हार्दिक पंड्या के गुजरात टाइटन्स से मुंबई इंडियंस ( में आने के बाद टीम ने कप्तानी रोहित शर्मा से लेकर उन्हें सौंप दी थी. अब सवाल है कि अगर हार्दिक और सूर्यकुमार यादव नहीं खेलते, तो क्या कप्तानी रोहित को मिलेगी या जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) को. फिलहाल हार्दिक के खेलने पर आखिरी फैसला मैच के दिन लिया जाएगा. अगर वह मैदान में नहीं उतरते, तब भी डगआउट में टीम के साथ नजर आ सकते हैं और अगले मैच में फिर कप्तानी संभाल सकते हैं.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

