Bharat Express DD Free Dish

पंजाब में कांग्रेस की बड़ी तैयारी, राहुल गांधी के नेतृत्व में निकलेगी राज्यव्यापी बस यात्रा; जानें पूरा प्लान

पंजाब विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में राज्य की सभी 117 सीटों पर एक भव्य बस यात्रा निकालने जा रही है. इस अभियान की रणनीति को लेकर आज मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी एआईसीसी सचिवों के साथ बैठक करेंगे.

Rahul Gandhi on West Bengal Results

पंजाब विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी कांग्रेस राज्य में बड़े जनसंपर्क अभियान की तैयारी कर रही है. सूत्रों के मुताबिक, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में पंजाब कांग्रेस जल्द ही राज्यव्यापी बस यात्रा शुरू करने जा रही है. इस यात्रा के जरिए पार्टी न सिर्फ जनता के बीच अपनी पहुंच बढ़ाना चाहती है, बल्कि संगठन के भीतर एकजुटता का संदेश भी देना चाहती है.

जानकारी के अनुसार, प्रस्तावित बस यात्रा पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों से होकर गुजरेगी. पार्टी नेतृत्व का मानना है कि चुनावी तैयारियों को जमीनी स्तर तक ले जाने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने के लिए यह अभियान महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा. सूत्रों के मुताबिक, 18 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव के बाद इस यात्रा की शुरुआत की जा सकती है.

रणनीति तय करने के लिए आज होगी अहम बैठक

सूत्रों का कहना है कि यात्रा के रोडमैप और रणनीति को अंतिम रूप देने के लिए आज राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और संगठन महासचिव के. सी. वेणुगोपाल पंजाब के एआईसीसी (AICC) सचिवों के साथ महत्वपूर्ण बैठक करेंगे. बैठक में यात्रा के रूट, कार्यक्रम, राजनीतिक संदेश और संगठनात्मक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है.

एकजुटता का संदेश देने की कोशिश

पंजाब कांग्रेस लंबे समय से अंदरूनी गुटबाजी और नेतृत्व संबंधी चुनौतियों का सामना करती रही है. ऐसे में पार्टी नेतृत्व इस बस यात्रा को केवल चुनावी अभियान के तौर पर नहीं, बल्कि संगठनात्मक एकजुटता के प्रदर्शन के रूप में भी देख रहा है. सूत्रों के अनुसार, यात्रा की शुरुआत के दौरान राहुल गांधी के साथ पंजाब कांग्रेस के सभी प्रमुख नेता एक ही बस में सवार होंगे. इसे पार्टी के भीतर एकता और सामूहिक नेतृत्व का संदेश देने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है.

राहुल गांधी दिखाएंगे हरी झंडी

जानकारी के मुताबिक, राहुल गांधी स्वयं इस बस यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे. इसके बाद पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय नेतृत्व संयुक्त रूप से पूरे अभियान का संचालन करेंगे. यात्रा के दौरान विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में जनसंवाद, कार्यकर्ता सम्मेलन और स्थानीय मुद्दों पर आधारित कार्यक्रम भी आयोजित किए जा सकते हैं.

ये भी पढ़ें: ‘शिष्य से ही मुझे खतरा है..’, आशुतोष ब्रह्मचारी के दावे पर रामभद्राचार्य के बयान से आया ट्विस्ट; क्या है तुलसी पीठ का ड्रामा?

चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि पंजाब कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच अपनी मौजूदगी बढ़ाने के लिए इस यात्रा को बड़े अभियान के रूप में पेश कर सकती है. राज्य में आम आदमी पार्टी (AAP) की सरकार और भाजपा की बढ़ती सक्रियता के बीच कांग्रेस खुद को एक मजबूत विकल्प के रूप में स्थापित करने की कोशिश करेगी. फिलहाल यात्रा की तारीख, रूट और विस्तृत कार्यक्रम को लेकर अंतिम घोषणा होना बाकी है, लेकिन संकेत साफ हैं कि कांग्रेस ने पंजाब चुनाव के लिए अपनी राजनीतिक तैयारियों को तेज कर दिया है.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read