दिल्ली हाईकोर्ट पॉपुलर ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन को लेकर दायर अवमानना याचिका पर 20 जनवरी को सुनवाई करेगा. डॉक्टर रोहित जैन ने वकील शशांक देव सुधि के माध्यम से नई अवमानना याचिका दायर की है. दायर अवमानना याचिका में दिल्ली सरकार सहित संबंधित अधिकारियों पर अदालत के आदेश का अवहेलना का आरोप लगाया है.
दायर याचिका में कहा गया है कि दिल्ली में एक ऑनलाइन हेल्थ सर्विस एग्रीगेटर, जो कि क्लीनिकल एस्टैब्लिशमेंट के रूप में पंजीकृत नहीं है, उसे फिर भी डायग्नोस्टिक सेवाएं देने की अनुमति दी जा रही है. यह सीधे तौर पर एस्टैब्लिशमेंट एक्ट 2010 का उल्लंघन है. नई याचिका में दावा किया गया है कि इन आश्वासनों के बावजूद अमेजन डायग्नोस्टिक्स जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म दिल्ली में खुलेआम काम कर रहे है. आरोप है कि एक ई-कॉमर्स कंपनी ने डायग्नोस्टिक लैब के साथ साझेदारी कर क्लीनिकल एस्टैब्लिशमेंट के कार्य किए, जबकि वह स्वयं पंजीकृत नहीं है.
दिल्ली में सेवाओं पर विवाद
याचिका में यह भी कहा गया है कि इस तरह की गतिविधियां न सिर्फ कानून के खिलाफ हैं, बल्कि दिल्ली हाई कोर्ट के पूर्व में दिए गए आदेश के भी खिलाफ है. अमेजन अपने ग्राहकों को घर बैठे मेडिकल हेल्थ टेस्ट सर्विस उपलब्ध कराएगा. अमेजन की इस नई सर्विस का नाम अमेज़न डायग्नोस्टिक्स है. अमेजन ने यह सेवा ऑरेंज हेल्थ लैब्स के साथ मिलकर शुरू की है. यह एक बेंगलुरु बेस्ड डायग्नोस्टिक्स कंपनी है और पहले से कई शहरों में घर पर टेस्ट की सुविधा देती है.
दोनों कंपनियों ने मिलकर फिलहाल बेंगलुरु, दिल्ली, गुरुग्राम, नोएडा, मुंबई और हैदराबाद जैसे शहरों के 450 से अधिक पिन कोड्स में इस सर्विस को शुरू किया है. यह सेवा 22 जून 2025 को शुरू की गई. अमेज़न डायग्नोस्टिक्स, कंपनी की मौजूदा हेल्थ सर्विसेज जैसे अमेजन फार्मेसी और अमेजन क्लीनिक का ही हिस्सा है. अमेजन पहले से ही अमेजन फार्मेसी के माध्यम से दवाओं की होम डिलीवरी और अमेजन क्लिनिक के जरिए ऑनलाइन डॉक्टर से सलाह की सुविधा देता है.
इस सेवा के माध्यम से ग्राहक अमेजन ऐप पर 800 से अधिक डायग्नोस्टिक टेस्ट बुक कर सकते हैं. जिसमें ब्लड टेस्ट, थाइराइड टेस्ट और अन्य नियमित जांच शामिल हैं. सैंपल कलेक्शन 60 मिनट के भीतर घर पर किया जाएगा और सामान्य टेस्ट के लिए डिजिटल रिपोर्ट6 घंटे में उपलब्ध होगी. यह सेवा सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक उपलब्ध रहेगी.
ये भी पढें: उन्नाव रेप मामले में कुलदीप सिंह सेंगर को मिली जमानत रद्द करने की मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट में याचिका
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
