दिल्ली लाल किला ब्लास्ट मामले के आरोपियों की न्यायिक हिरासत की अवधि खत्म होने के बाद पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया, जहां कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों की न्यायिक हिरासत की अवधि को 6 जुलाई तक के लिए बढ़ा दिया है. जिन आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, उनमें आदिल राथर, शाहीन सईद, मुज्जमिल गनई, मौलवी इरफान अहमद वागे, जासिर बिलाल वानी, यासिर अहमद डार, नसीर बिलाल मल्ला सहित अन्य शामिल हैं.
जैश-ए-मोहम्मद से लिंक होने का शक, NIA कर रही जांच
एनआईए (NIA) जांच में यह पता लगा रही है कि किस तरह से विस्फोट की योजना बनाई गई, सहयोगी कौन थे और हथियार एवं विस्फोटक सामग्री कैसे जुटाई गई. एजेंसी का मानना है कि यह मॉड्यूल जैश-ए-मोहम्मद जैसे संगठनों से लिंक है. अब तक कई आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें डॉक्टर मुजम्मिल शकील गनी, डॉक्टर शाहीन सईद, मुफ़्ती इरफान सहित अन्य शामिल हैं.
आरोपी डॉक्टर के फ्लैट से नगदी, सोना और विदेशी करेंसी बरामद
डॉक्टर शाहीन सईद के फरीदाबाद स्थित अल-फलाह विश्वविद्यालय के फ्लैट से 18.50 लाख कैश, सोने के बिस्किट और गहने मिले हैं. इसके अलावा अरब देशों की करेंसी भी बरामद की गई है. गृह मंत्रालय द्वारा दिल्ली कार धमाके की जांच एनआईए को सौंप दी गई थी. इसके बाद से जांच एजेंसी विभिन्न राज्यों की पुलिस के साथ मिलकर इस मॉड्यूल से जुड़े हर सदस्य का पता लगाने की दिशा में तेजी से काम कर रही है. बिलाल वानी पर लाल किला में हुए कार ब्लास्ट की साजिश रचने का आरोप है.
ड्रोन में तकनीकी बदलाव और नूंह में पनाह की साजिश
एनआईए के मुताबिक दानिश ने ड्रोन में तकनीकी बदलाव किए और कार बम विस्फोट से पहले रॉकेट तैयार करने की कोशिश की. एनआईए के मुताबिक दानिश ने उमर उन नबी के साथ मिलकर पूरी साजिश को अंजाम देने में अहम भूमिका निभाई थी. एनआईए जांच में खुलासा हुआ है कि शोएब ने आतंकी उमर नबी को विस्फोट से ठीक पहले पनाह दी थी और उसे लॉजिस्टिक सहायता भी मुहैया कराई थी. शोएब ने ही नूंह में उमर को अपनी साली अफसाना के घर में कमरा किराए पर दिलाया था और पूरी गारंटी ली थी. 10 नवंबर को दिल्ली में धमाके से पहले 10 दिन उमर नूंह के इसी घर में रहा था.
ये भी पढ़ें: ‘बेटी का शव मुर्दाघर में हो तो पिता से शांत रहने की उम्मीद क्यों?’, दहेज उत्पीड़न मामले में दिल्ली हाई कोर्ट की सख्त
भीषण धमाके में 15 लोगों की हुई थी मौत
लाल किला के पास हुए भीषण धमाके में 15 लोगों की मौत हो चुकी है. हमले में 32 लोग घायल हो गए थे. एनआईए जांच में पता चला कि आमिर ने हमलावर डॉक्टर उमर नबी के साथ मिलकर लाल किला में हुए धमाके की साजिश रची थी. जांच में यह भी पता चला है कि आमिर राशिद i20 कार की खरीद में मदद करने के लिए दिल्ली आया था.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


