Bharat Express DD Free Dish

स्टॉक ब्रोकर से लेकर पर्सनल खातों तक… करोड़ो के घोटाले में शिवम एसोसिएट्स पर छापा, 333 करोड़ की रकम ट्रेस

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शिवम एसोसिएट्स से जुड़े कथित निवेश घोटाले में बेलगावी, चिक्कोडी और निपाणी में तलाशी अभियान चलाया है.

enforcement directorate

प्रवर्तन निदेशालय ने शिवम एसोसिएट्स से जुड़े मामले में बड़ी कार्रवाई की है. ईडी के मंगलुरु जोनल ऑफिस ने 7 अगस्त को बेलगावी, चिक्कोडी और निपाणी में M/s Shivam Associates, शिवानंद सिद्धप्पा नीलन्नावर और उनसे जुड़े अन्य लोगों व संस्थाओं के परिसरों पर PMLA के तहत तलाशी अभियान चलाया.

ईडी की कार्रवाई मालामरुथी पुलिस स्टेशन, बेलगावी सिटी में दर्ज एफआईआर के आधार पर शुरू हुई जांच का हिस्सा है. एफआईआर में आरोप है कि लोगों को असामान्य रूप से ज्यादा और निश्चित रिटर्न का लालच देकर निवेश के लिए प्रेरित किया गया. जांच में सामने आया है कि शिवम एसोसिएट्स और उससे जुड़े लोगों व संस्थाओं ने बड़ी संख्या में निवेशकों से कथित तौर पर भारी रकम जुटाई. बैंक खातों और दूसरे वित्तीय रिकॉर्ड की शुरुआती जांच में रकम को बिजनेस अकाउंट, निजी खातों और बिचौलियों के जरिए अलग-अलग जगह ट्रांसफर किए जाने की बात सामने आई है.

इनमें स्टॉक ब्रोकर, फिक्स्ड डिपॉजिट, संबंधित लोगों और अन्य लाभार्थियों को किए गए ट्रांसफर भी शामिल हैं. एजेंसी के मुताबिक जांच में शिवानंद सिद्धप्पा नीलन्नावर और उससे जुड़ी संस्थाओं के बीच वित्तीय संबंध सामने आए हैं. जांच एजेंसी का दावा है कि नीलन्नावर ने लोगों को निवेश पर हर महीने 3 फीसदी रिटर्न देने का वादा कर निवेश के लिए आकर्षित किया.

ED की कार्रवाई में आपत्तिजनक दस्तावेज और डिजिटल सबूत बरामद

ईडी के अनुसार इस तरीके से जनता से करीब 2,110.97 करोड़ रुपये जुटाए गए. तलाशी कार्रवाई के दौरान करीब 333.89 करोड़ रुपये की रकम की वापसी का पता चला है. एजेंसी के मुताबिक करीब 1,777.08 करोड़ रुपये की कथित अपराध से अर्जित रकम (Proceeds of Crime) का अभी पता लगाया जाना बाकी है. जांच में यह भी सामने आया कि लोगों को निवेश के लिए आकर्षित करने वाले कमीशन एजेंटों को करीब 0.5 फीसदी कमीशन दिया जाता था.

ईडी की तलाशी के दौरान कई आपत्तिजनक दस्तावेज और डिजिटल सबूत बरामद किए गए हैं. एजेंसी के मुताबिक इनसे कथित तौर पर अपराध से अर्जित रकम के जेनरेशन, मूवमेंट, लेयरिंग और पार्किंग से जुड़ी जानकारी मिलती है.

ये भी पढ़ें: सीएम शुभेंदु अधिकारी के हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग, बाल-बाल बची जान; देखें वीडियो

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read