Bharat Express DD Free Dish

नीट यूजी मामला: सुप्रीम कोर्ट की सख्त टिप्पणी, 29 मई को अगली सुनवाई

नीट यूजी 2026 मामले में सुप्रीम कोर्ट ने सख्त टिप्पणी करते हुए एनटीए और सीबीआई से जवाब मांगा है. वहीं, NTA ने पेपर लीक की सीबीआई जांच और परीक्षा दोबारा (Re-Exam) कराने का ऐलान किया है.

Supreme Court on religious conversion

नीट यूजी मामला लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है. इसको लेकर दायर याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने अहम टिप्पणी की है. कोर्ट ने कहा कि बड़े दुख की बात है कि इतने के बाद भी कोई सबक नहीं सीखा गया. जस्टिस पीएस नरसिम्हा और जस्टिस आलोक अराधे की कोर्ट ने यह टिप्पणी की है. इसको लेकर कई अलग-अलग याचिकाएं दायर की गई हैं. कोर्ट ने एनटीए, कमेटी, और सीबीआई को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है. साथ ही कोर्ट ने सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता को अगली सुनवाई में मौजूद रहने को कहा है. कोर्ट 29 मई को अगली सुनवाई करेगा.

NTA को भंग करने और री-एग्जाम की मांग

यह याचिका फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया मेडिकल एसोसिएशन और यूनाइटेड डॉक्टर्स फ्रंट की ओर से दाखिल की गई है. दायर याचिका में एनटीए को भंग कर नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षाओं के लिए एक स्वतंत्र और स्वायत्त परीक्षा निकाय बनाए जाने की मांग की गई है. साथ ही परीक्षा को पूरी तरह कंप्यूटर आधारित करने की भी मांग की गई है. यह याचिका फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया मेडिकल एसोसिएशन (FAIMA) की ओर से वकील तन्वी दुबे ने दायर की है.

दायर याचिका में NTA को भंग कर दूसरी संस्था के गठन की मांग की गई है. इसके अलावा FAIMA ने नीट यूजी 2026 परीक्षा को दोबारा कराने की मांग की है. परीक्षा प्रक्रिया की निगरानी के लिए हाई पावर कमेटी के गठन की मांग की गई है. साथ ही सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज की अध्यक्षता में कमेटी बनाने की मांग की गई है. गठित कमेटी में साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ और फॉरेंसिक वैज्ञानिक को शामिल करने की मांग की गई है.

22 लाख छात्रों को फिर देनी होगी परीक्षा

NTA के मुताबिक अब परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी, जिसकी नई तारीख जल्द घोषित की जाएगी. एजेंसी ने एक बयान में कहा कि यह निर्णय पारदर्शिता बनाए रखने और राष्ट्रीय परीक्षा प्रणाली में विश्वास को बनाए रखने के हित में लिया गया है. 22 लाख से ज्यादा छात्रों को अब फिर से परीक्षा देनी होगी. इस फैसले के बाद छात्रों और अभिभावकों के बीच चिंता और नाराजगी दोनों देखने को मिल रही है. NTA ने बताया कि उन्हें जांच एजेंसियों से जो इनपुट मिले, उनके आधार पर पता चला कि मौजूदा परीक्षा प्रक्रिया को जारी नहीं रखा जा सकता. परीक्षा की नई तारीखें, एडमिट कार्ड का शेड्यूल आदि जल्द ही एजेंसी के आधिकारिक चैनलों के माध्यम से बता दिया जाएगा.

ये भी पढ़ें: ‘FIR में 3 दिन की देरी’, सुप्रीम कोर्ट में ट्विशा शर्मा के परिवार ने उठाया पक्षपात का मुद्दा? मीडिया ट्रायल पर CJI नाराज

गेस बुक से हुआ था पेपर लीक

एनटीए ने बताया कि अब इस संभावित पेपर लीक की जांच सीबीआई कर रही है. नीट का पेपर गेस बुक के जरिए लीक किया गया. इसमें फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी के 300 से ज्यादा सवाल थे. ये सभी हाथ से लिखे गए और इनकी हैंडराइटिंग भी एक ही थी. जांच एजेंसी पता लगा रही है कि आखिर यह पेपर लीक कहां से हुआ. हालांकि इसका खुलासा राजस्थान के सीकर से हुआ है.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read