Money Laundering Case: मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में जेल में बंद इंटरनेट मीडिया इन्फ्लुएंसर और कॉस्मेटोलॉजिस्ट संदीपा विर्क की ओर से दायर जमानत याचिका पर तीस हजारी कोर्ट 28 अक्टूबर 2025 को सुनवाई करेगा. यह मामला तब सामने आया जब हाल ही में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने विर्क के खिलाफ धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) की विभिन्न धाराओं के तहत चार्जशीट दाखिल की.
चार्जशीट पर कोर्ट ने जारी किया नोटिस
अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश विजय शंकर ने ईडी द्वारा दाखिल चार्जशीट पर संदीपा विर्क समेत अन्य आरोपियों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है. कोर्ट चार्जशीट पर संज्ञान लेने के बिंदु पर 3 नवंबर को सुनवाई करेगा. कोर्ट ने नोटिस जारी करते समय भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 223 का उल्लेख किया, जो यह सुनिश्चित करती है कि अभियुक्त को सुनवाई का अवसर दिए बिना मजिस्ट्रेट द्वारा किसी अपराध का संज्ञान नहीं लिया जाएगा.
PMLA के तहत दर्ज किया गया मामला
ईडी ने 12 अगस्त को विर्क को गिरफ्तार किया था और अमित गुप्ता तथा संदीपा विर्क के खिलाफ PMLA की धारा 3 के तहत अपराध के लिए अभियोजन शिकायत (Prosecution Complaint) दर्ज की है, जो PMLA की धारा 4 के तहत दंडनीय है. ईडी ने बताया कि यह कार्रवाई पंजाब के मोहाली के फेज-8 थाने में दर्ज एक एफआईआर के आधार पर शुरू हुई थी, जिसमें आईपीसी की धारा 406 (विश्वासघात) और 420 (धोखाधड़ी) के तहत मामला दर्ज था. ईडी ने 11 अगस्त 2025 को PMLA की धारा 3, 4 के तहत मामला दर्ज किया था.
वेबसाइट के जरिए धोखाधड़ी का आरोप
ईडी का दावा है कि विर्क ने ‘हा हायबुकेयर डॉट कॉम’ (hyboocare.com) नामक वेबसाइट के जरिए लोगों से धोखाधड़ी की. वेबसाइट पर एफडीए-अनुमोदित ब्यूटी प्रॉडक्ट्स बेचने का दावा किया गया था, लेकिन जांच में यह पाया गया कि उत्पाद अस्तित्व में ही नहीं थे.
मॉडलिंग से कॉस्मेटोलॉजी तक का सफर
संदीपा विर्क मॉडलिंग की दुनिया का एक जाना-माना नाम हैं, जिन्होंने पंजाबी फिल्म ‘गन एंड गोल’ से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी. उन्होंने एक मलयालम फिल्म में भी काम किया है. फिल्मों में काम मिलना बंद होने के बाद वह सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव हो गईं और उनकी वेबसाइट hyboocare.com के इंस्टाग्राम पर 12 लाख फॉलोअर्स हैं. अब उन्हें मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों का सामना करना पड़ रहा है.
क्या नींद की कमी दिमाग को कर सकती है बूढ़ा? रिसर्च में इस बीमारी का हुआ चौंकाने वाला खुलासा
Also Follow Bharat Express on Youtube
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


