Bharat Express DD Free Dish

गर्मियों में कैसे खाएं मिलेट्स? एक्सपर्ट्स से जानें रागी-ज्वार खाने का सही तरीका, शरीर को मिलेगी भरपूर ठंडक

Shree Anna Benefits: ‘श्री अन्न’ खाना गर्मियों में सेहत और एनर्जी का पावरहाउस माना जा सकता है. यहां जानें रागी, ज्वार और बाजरा खाने के सही तरीके, जिससे वजन और हड्डियां रहेंगी मजबूत.

भीषण गर्मी के इस मौसम में खुद को सेहतमंद और ऊर्जावान बनाए रखना एक बड़ी चुनौती होती है. इस मौसम में शरीर को सही पोषण देने के लिए स्वास्थ्य विशेषज्ञ ‘श्री अन्न’ यानी मिलेट्स (जैसे बाजरा, रागी, ज्वार, कंगनी) को रोजाना की डाइट में शामिल करने की सलाह दे रहे हैं. नेशनल हेल्थ मिशन (NHM) के अनुसार, श्री अन्न पोषक तत्वों का पावरहाउस है. इसमें भरपूर मात्रा में फाइबर, प्रोटीन, विटामिन और जरूरी मिनरल्स पाए जाते हैं, जो शरीर की अंदरूनी ताकत को बढ़ाते हैं.

अक्सर लोगों के मन में यह गलतफहमी होती है कि मिलेट्स की तासीर गर्म होती है, इसलिए इसे गर्मियों में नहीं खाना चाहिए. लेकिन हेल्थ एक्सपर्ट्स का कहना है कि गर्मी के दिनों में शरीर में पोषक तत्वों की कमी और डिहाइड्रेशन (पानी की कमी) का खतरा ज्यादा रहता है. ऐसे में सही तरीके से खाया गया श्री अन्न शरीर का एनर्जी लेवल बनाए रखता है और कमजोरी दूर करता है.

रोजाना के भोजन में श्री अन्न को शामिल करने के कई फायदे हैं:

  • वजन पर नियंत्रण: मिलेट्स में भरपूर फाइबर होता है. इसे खाने के बाद पेट लंबे समय तक भरा महसूस होता है, जिससे आप बार-बार अनहेल्दी चीजें खाने से बच जाते हैं और वजन कंट्रोल में रहता है.
  • मजबूत हड्डियां और दांत: रागी और ज्वार में कैल्शियम और फॉस्फोरस प्रचुर मात्रा में पाया जाता है. यह बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की हड्डियों को कमजोर होने से बचाता है.
  • पाचन और शुगर कंट्रोल: इसका लो-ग्लाइसेमिक इंडेक्स डायबिटीज के मरीजों के लिए वरदान है. यह ब्लड शुगर को अचानक बढ़ने नहीं देता और पेट की समस्याओं को ठीक रखता है.

मिलेट्स (मोटा अनाज) खाने के विकल्प

गर्मियों में मिलेट्स का फायदा उठाने के लिए एक्सपर्ट्स ने कुछ तरीके बताए हैं. इसे बनाने से पहले 4 से 6 घंटे पानी में भिगोना बेहद जरूरी है, जिससे यह आसानी से पच जाता है.

श्री अन्न रेसिपी से सेहत को मिलने वाले फायदे

  • रागी का सत्तू या छाछ: शरीर को ठंडक देता है और लू से बचाता है
  • ज्वार-बाजरे की राबड़ी: पेट को ठंडा रखती है और अच्‍छा ब्रेकफास्ट है
  • मिलेट्स की ठंडी खीर या दलिया: कमजोरी दूर कर दिनभर एनर्जी बनाए रखता है
  • ज्वार या रागी के इडली-डोसे: पचाने में बेहद हल्के और स्वादिष्ट होते हैं

मौसम चाहे कोई भी हो, अगर सही मात्रा और सही तरीके से श्री अन्न को खाया जाए, तो यह शरीर को बीमारियों से दूर रखकर हमेशा फिट रखता है.

यह भी पढ़ें:  मथुरा में ‘यमराज’ बना तेज रफ्तार कंटेनर; चाय पी रहे लोगों को रौंदा, दो की मौत से मचा कोहराम!

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read