राजकमल प्रकाशन समूह हिन्दी उपन्यास का स्त्री-वर्ष मना रहा है. इसके तहत 3 दिसम्बर 2025 को हिन्दी की नौ स्त्री-कथाकारों के उपन्यास एकसाथ लोकार्पित किए जाएँगे. यह विशेष आयोजन राष्ट्रीय राजधानी स्थित इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में होगा. राजकमल प्रकाशन समूह के अध्यक्ष अशोक महेश्वरी ने शनिवार को यह जानकारी दी.
उन्होंने कहा, 21वीं सदी स्त्रियों की सदी है. स्त्रियाँ आज साहित्य, समाज और संस्कृति के हर क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ छू रहीं हैं. इसी रचनात्मक उठान को केंद्र में रखते हुए हम हिन्दी उपन्यास का स्त्री-वर्ष मना रहे हैं. यह पहली बार है जब हिन्दी की नौ प्रमुख स्त्री कथाकारों के उपन्यास एकसाथ प्रकाशित हो रहे हैं.
हिन्दी साहित्य में स्त्री-स्वर की नई पहचान
अशोक महेश्वरी ने कहा, स्त्री-लेखन आज न केवल अपने विशिष्ट अनुभवों को व्यक्त कर रहा है, बल्कि समाज के प्रश्नों को नए आयाम भी दे रहा है. यह वह समय है जब स्त्री-स्वर हमारे साहित्यिक और सामाजिक ढाँचों को नए सिरे से परिभाषित कर रहा है. हिन्दी उपन्यास का स्त्री-वर्ष उसी रचनात्मकता को रेखांकित करने का हमारा विनम्र प्रयास है.
उन्होंने बताया कि इन स्त्री कथाकारों में इंटरनेशनल बुकर पुरस्कार से सम्मानित कथाकार गीतांजलि श्री, साहित्य अकादेमी पुरस्कार से सम्मानित अलका सरावगी और अनामिका से लेकर चर्चित कथाकार प्रत्यक्षा, वन्दना राग, जया जादवानी, सुजाता, सविता भार्गव और शोभा लिम्बू शामिल हैं. कार्यक्रम की अध्यक्षता सुपरिचित कथाकार मृदुला गर्ग करेंगी. इस दौरान उपन्यासों के लोकार्पण साथ ही पाठ और चर्चा के सत्र भी होंगे.
इन कथाकारों के उपन्यास हुए प्रकाशित
- गीतांजलि श्री – सह-सा
- अलका सरावगी – कलकत्ता कॉस्मोपॉलिटन : दिल और दरारें
- अनामिका – दूर देश के परिन्दे
- प्रत्यक्षा – शीशाघर
- वन्दना राग – सरकफंदा
- जया जादवानी – इस शहर में इक शहर था
- सुजाता – दरयागंज वाया बाज़ार फ़त्ते ख़ाँ
- सविता भार्गव – जहाज़ पाँच पाल वाला
- शोभा लिम्बू – शुकमाया हांगमा
कार्यक्रम का आमंत्रण
दिन व दिनांक: बुधवार; 3 दिसम्बर 2025
समय: शाम 5:00 बजे
स्थान: इंडिया इंटरनेशनल सेंटर, कमला देवी कॉम्पलेक्स, मल्टीपर्पज़ हॉल, मैक्समूलर मार्ग, नई दिल्ली-110003
ये भी पढ़ें- “मधु क्रांति से बढ़ा शहद उत्पादन”… मन की बात के 128वें एपिसोड में बोले पीएम मोदी
Also Follow Bharat Express on Youtube
– भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


