एशियन गेम्स 2026 में महिला तीरंदाजी टीम ने गोल्ड मेडल जीता
Asian Game India seventh gold: एशियन गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है. बुधवार को भारत ने प्रतियोगिता का अपना सातवां गोल्ड मेडल जीत लिया. महिला कंपाउंड टीम इवेंट के फाइनल में भारतीय तीरंदाजों ने चीन को 238-234 के अंतर से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया. इस जीत के साथ भारतीय टीम ने न सिर्फ खिताब बरकरार रखा, बल्कि वर्ल्ड रिकॉर्ड की भी बराबरी कर ली.
भारत की गोल्ड जीतने वाली टीम में ज्योति सुरेखा, चिकिता तनिपार्थी और पृथिका प्रदीप शामिल थीं. फाइनल मुकाबले में ज्योति और पृथिका ने एक भी निशाना नहीं चूका. दबाव भरे मुकाबले में दोनों खिलाड़ियों की सटीक निशानेबाजी ने भारत को चीन पर बढ़त बनाने में अहम भूमिका निभाई.
ज्योति सुरेखा का लगातार चौथा एशियाड गोल्ड
इस जीत के साथ ज्योति सुरेखा ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली. वह लगातार चौथे एशियाड में गोल्ड मेडल जीतने वाली भारतीय खिलाड़ियों में शामिल हो गई हैं. इससे पहले वह 2014, 2018 और 2023 में भी स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं. महिला कंपाउंड टीम का यह एशियन गेम्स में लगातार दूसरा गोल्ड है. भारतीय टीम ने 2023 में भी इस स्पर्धा में पहला स्थान हासिल किया था.
मिक्स्ड टीम इवेंट में भी फाइनल का टिकट
भारत के लिए दिन की एक और बड़ी खबर मिक्स्ड कंपाउंड इवेंट से आई. चिकिता तनिपार्थी और राजेश जाधव की भारतीय जोड़ी ने सेमीफाइनल में थाईलैंड को बेहद करीबी मुकाबले में 156-155 से हराकर फाइनल में जगह बना ली. अब इस जोड़ी के पास भारत के पदकों की संख्या बढ़ाने का मौका है.
ये भी पढ़ें: एशियन गेम्स में भारत का जलवा, महिला 4×400 रिले में गोल्ड, एथलेटिक्स में खुला खाता
वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी
महिला टीम ने फाइनल में 238 अंक हासिल किए. इस स्कोर के साथ भारत ने साउथ कोरिया के नाम दर्ज वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी कर ली. यानी गोल्ड के साथ भारतीय तीरंदाजों ने रिकॉर्ड बुक में भी अपनी जगह मजबूत की.भारत की महिला खिलाड़ियों का प्रदर्शन इस एशियाड में खास तौर पर शानदार रहा है. अब तक मिले सात गोल्ड में से पांच महिलाओं ने जीते हैं. बाकी दो स्वर्ण पुरुष कबड्डी और पिस्टल के मिक्स्ड इवेंट से आए हैं.
इसके अलावा भारतीय महिला स्क्वॉश टीम ने भी पदक पक्का कर लिया है. टीम ने क्वार्टर फाइनल में सिंगापुर को 2-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई. सेमीफाइनल में उसका सामना किस टीम से होगा, यह अभी तय नहीं हुआ है. एशियाड के 11वें दिन 24 गोल्ड मेडल दांव पर हैं. फिलहाल भारत 7 गोल्ड, 21 सिल्वर और 25 ब्रॉन्ज समेत कुल 53 पदकों के साथ मेडल टैली में नौवें स्थान पर है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


