Bharat Express DD Free Dish

‘तू छोले बेचने गया था…’, 3-0 से हार के बाद बाबर आजम पर भड़के वसीम अकरम, कप्तानी पर उठाए सवाल

Babar Azam Captaincy Controversy: वसीम अकरम ने बाबर आजम की कप्तानी पर सवाल उठाते हुए पूछा कि अगर टीम में इतने बड़े बदलाव हो रहे थे और कप्तान को इसकी जानकारी ही नहीं थी, तो फिर वह इंग्लैंड में क्या कर रहे थे? एक चैरिटी इवेंट के दौरान अकरम ने तंज कसते हुए कहा कि क्या आप यहां छोले बेचने आए थे?

babar-azam-captaincy-wasim-akram-statement-pakistan-loss-england-test-series

3-0 से हार के बाद बाबर आजम पर भड़के वसीम अकरम

Babar Azam Captaincy Controversy: इंग्लैंड दौरे पर पाकिस्तान क्रिकेट टीम का प्रदर्शन इतना खराब रहा कि उसकी अपने घर में ही थू-थू हो रही है. तीन टेस्ट मैचों की सीरीज में इंग्लैंड ने पाकिस्तान का 3-0 से सफाया कर दिया. इस शर्मनाक हार के बाद अब पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी भी टीम और कप्तानी पर सवाल उठा रहे हैं. पूर्व तेज गेंदबाज वसीम अकरम ने तो कप्तान बाबर आजम को लेकर बेहद तीखी टिप्पणी कर दी.

वसीम अकरम ने बाबर आजम की कप्तानी पर सवाल उठाते हुए पूछा कि अगर टीम में इतने बड़े बदलाव हो रहे थे और कप्तान को इसकी जानकारी ही नहीं थी, तो फिर वह इंग्लैंड में क्या कर रहे थे? एक चैरिटी इवेंट के दौरान अकरम ने तंज कसते हुए कहा,

क्या आप यहां छोले बेचने आए थे?

दरअसल इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के दौरान पाकिस्तान क्रिकेट में उस वक्त बड़ा विवाद खड़ा हो गया था, जब बीच दौरे में कोचिंग स्टाफ में बदलाव किए गए और सात खिलाड़ियों को टीम से बाहर कर दिया गया. इस फैसले को लेकर बाबर आजम ने कहा था कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं थी और यह उनके लिए भी नई बात थी.

वसीम अकरम ने कप्तान की मंशा पर ही उठाये सवाल

बाबर के इसी बयान पर वसीम अकरम ने सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा कि अगर कप्तान को ही टीम में हो रहे इतने बड़े फैसलों की जानकारी नहीं है तो फिर उनकी जरूरत क्या है. अकरम ने आगे कहा कि कप्तान या टीम का लीडर अगर मुश्किल वक्त में खिलाड़ियों के साथ खड़ा नहीं होता तो खिलाड़ियों से अपना 100 प्रतिशत प्रदर्शन देने की उम्मीद करना मुश्किल है.

अकरम ने हालांकि यह भी कहा कि वह किसी एक व्यक्ति पर हार का पूरा दोष नहीं डालना चाहते. लेकिन बाबर आजम को शायद कप्तानी जारी रखने के बजाय दूसरे टेस्ट के बाद सिर्फ खिलाड़ी के तौर पर खेलने का फैसला करना चाहिए था.

पूर्व खिलाड़ियों के निशाने पर हैं बाबर आजम

इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में पाकिस्तान की टीम तीनों टेस्ट में संघर्ष करती नजर आई. मैदान पर खराब प्रदर्शन के साथ-साथ टीम के भीतर हुए बदलावों ने भी विवाद को और बढ़ा दिया. अब हार के बाद बाबर आजम पाकिस्तान में पूर्व खिलाड़ियों के निशाने पर हैं.

ये भी पढ़ें- CSK ने चलते-चलते कर दिया सबसे बड़ा धमाका, धोनी-जहीर की जोड़ी देख कांपेंगी बाकी 9 टीमें?

इससे पहले पाकिस्तान के पूर्व विकेटकीपर राशिद लतीफ ने बाबर को लेकर तीखी टिप्पणी करते हुए उन्हें डमी कप्तान कहा था. वहीं पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने भी उनकी कप्तानी पर सवाल उठाए थे. ऐसे में इंग्लैंड में मिली 3-0 की हार के बाद बाबर आजम की कप्तानी एक बार फिर पाकिस्तान क्रिकेट में बहस का बड़ा मुद्दा बन गई है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read