बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आईपीएल 2025 में ऐतिहासिक शतक जड़ने वाले युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Suryavanshi) को ₹10 लाख की पुरस्कार राशि देने का ऐलान किया है. केवल 14 साल की उम्र में क्रिकेट इतिहास में नया कीर्तिमान रचने वाले इस बल्लेबाज ने पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींचा है.
राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेल रहे वैभव ने सोमवार को गुजरात टाइटन्स के खिलाफ सिर्फ 38 गेंदों में 101 रन की विस्फोटक पारी खेली. इस दौरान उन्होंने केवल 35 गेंदों में शतक पूरा कर लिया, जो किसी भारतीय बल्लेबाज द्वारा आईपीएल इतिहास में सबसे तेज है. इससे पहले यह रिकॉर्ड यूसुफ पठान के नाम था, जिन्होंने 2010 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 37 गेंदों में शतक जड़ा था.
यह वैभव का आईपीएल में केवल तीसरा मुकाबला था, और इतनी कम उम्र में इस तरह की पारी खेलना भारतीय क्रिकेट के लिए एक नई उम्मीद बनकर उभरा है.
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दी बधाई
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर उन्हें बधाई देते हुए लिखा, “आईपीएल के इतिहास में सबसे कम उम्र (14 वर्ष) में शतक लगाने वाले बिहार के वैभव सूर्यवंशी को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं. उनकी मेहनत और प्रतिभा ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है, और पूरा बिहार आज उन पर गर्व करता है. मैंने 2024 में एक अणे मार्ग पर वैभव और उनके पिता से मुलाकात की थी और तब भी उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की थी.”
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि उन्होंने वैभव से फोन पर बात कर उन्हें इस ऐतिहासिक पारी के लिए व्यक्तिगत रूप से बधाई दी.
उन्होंने आगे लिखा, “वैभव सूर्यवंशी को राज्य सरकार की ओर से 10 लाख रुपये की सम्मान राशि दी जाएगी. मेरी शुभकामनाएं उनके साथ हैं कि वे आगे भी भारतीय टीम के लिए ऐसे ही शानदार प्रदर्शन करें और देश का नाम रोशन करें.”
गौरतलब है कि पिछले साल हुए मेगा ऑक्शन में वैभव सूर्यवंशी ने इतिहास रचते हुए केवल 14 साल की उम्र में आईपीएल कॉन्ट्रैक्ट हासिल किया था, जब राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें ₹1.1 करोड़ में अपनी टीम में शामिल किया था.
ये भी पढ़ें- जयपुर में वैभव सूर्यवंशी का तूफान… महज 14 साल की उम्र में जड़ा IPL इतिहास का सबसे तेज शतक
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.







