Asia Cup : भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने एशिया कप (Asia Cup) के लिए भारतीय टीम की घोषणा कर दी है. BCCI ने टीम की कप्तानी सूर्यकुमार यादव को सौंपी है. वहीं शुभमन गिल को उपकप्तान बनाया गया है. 19 अगस्त मंगलवार को चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर ने BCCI सचिव देवजीत सौकिया के साथ बैठक कर टीम की घोषणा की.
टीम में किसे मिली जगह?
एशिया कप के लिए घोषित भारतीय टीम में तिलक वर्मा और अभिषेक शर्मा भी टॉप ऑर्डर में खेलते दिखेंगे. IPL में सनराइजर्स हैदराबाद के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा यहां भी ओपनिंग करते दिखेंगे. वहीं तिलक वर्मा और सूर्यकुमार तीसरे और चौथे नंबर पर बैटिंग करने उतरेंगे. टीम में शुभमन गिल भी हैं, तो यह देखना दिलचस्प होगा कि आखिर उन्हें किस नंबर पर खेलने के लिए उतारा जाएगा.
इंग्लैंड दौरे पर अपनी धारदार गेंदबाजी से अंग्रेजी टीम को नेस्तनाबूद करने वाले मोहम्मद सिराज को आराम दिया गया है. गौरतलब है कि सिराज ने इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैचों की टेस्ट सीरीज में 23 विकेल लिये थे.
जसप्रीत बुमराह संभालेंगे तेज गेंदबाजी की कमान
भारतीय टीम में तेज गेंदबाजी की कमान एक बार फिर जसप्रीत बुमराह संभालते दिखेंगे. उनका साथ देने के लिए अर्शदीप सिंह को भी टीम में मौका दिया गया है. वहीं तीसरे तेज गेंदबाज के दौर पर हर्षित राणा को जगह मिली है. तीसरे तेज गेंदबाज के तौर पर प्रसिद्ध कृष्णा और मोहम्मद सिराज भी सेलेक्शन कमेटी की रेस में थे, लेकिन उन्हें मौका नहीं मिलता दिखा.
3 ऑलराउंडर्स स्कॉड में शामिल
वहीं भारतीय टीम को संतुलित करने के लिए 3 ऑलराउंडर्स को भी स्कॉड में शामिल किया गया है. हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे और अक्षर पटेल को ऑलराउंडर के तौर पर टीम में जगह दी गई है. हार्दिक पांड्या और शिवम दुबे जहां बैटिंग को मजबूती देंगे. वहीं अक्षर पटेल बॉलिंग में भारतीय गेंदबाजों की मदद करते दिखेंगे.
ये है भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन
सूर्यकुमार यादव, शुभमन गिल, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा, वरुण चक्रवर्ती , अर्शदीप सिंह , कुलदीप यादव, संजू सैमसन, हर्षित राणा, रिंकू सिंह, जसप्रीत बुमराह
स्टैंडबाय: प्रसिद्ध कृष्णा , वॉशिंगटन सुंदर, रियान पराग, ध्रुव जुरेल, यशस्वी जायसवाल
ये भी पढ़ें- Asia Cup 2025 के लिए आज टीम इंडिया का ऐलान संभव, गिल-जायसवाल-अय्यर-रिंकू पर टिकी निगाहें
क्या है मैच शेड्यूल?
एशिया कप 2025 का टूर्नामेंट 9 सितंबर से आयोजित किया जाएगा. यह मुकाबला संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के दो शहरों अबू धाबी और दुबई में आयोजित होगा. इस एशिया कप टी20 टूर्नामेंट में भारत को ग्रुप-ए में ओमान, यूएई और पाकिस्तान के साथ रखा गया है.
वहीं ग्रुप-बी में श्रीलंका, हॉन्ग कॉन्ग, बांग्लादेश और अफगानिस्तान की टीमें खेलेंगी. भारतीय टीम अपना पहला मुकाबला दुबई में 10 सितंबर को यूएई से खेलेगी. इस टूर्नामेंट का महामुकाबला 14 सितंबर को दुबई में होगा. जहां भारत और पाकिस्तान की टीमें एक दूसरे को रौंदने के लिए भिड़ेंगी.
भारतीय टीम अपना आखिरी मुकाबला 19 सितंबर को ओमान से खेलेगी. यह मैच अबू धाबी में आयोजित होगा. जो भी टीमें ग्रुप में टॉप-2 में रहेंगी, वहीं सुपर-4 स्टेज में खेलेंगी. जहां से जीतने वाली दो टीमें अपना फाइनल मुकाबला खेलेंगी.
– भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




