Kane Williamson Retires: विश्व क्रिकेट और खासकर न्यूजीलैंड क्रिकेट के इतिहास का एक स्वर्णिम अध्याय आज हमेशा-हमेशा के लिए बंद हो गया है. मॉडर्न क्रिकेट के ‘फैब-4’ (Fab-4) में शुमार और न्यूजीलैंड के सबसे महान बल्लेबाजों में से एक केन विलियमसन (Kane Williamson) ने इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया है.
35 वर्षीय विलियमसन ने शुक्रवार (12 जून 2026) को तत्काल प्रभाव से खेल के सभी फॉर्मेट्स (टेस्ट, वनडे और टी20) से अपने संन्यास का आधिकारिक ऐलान कर सबको चौंका दिया है. इसके साथ ही उनके 16 साल लंबे और बेहद गौरवशाली अंतरराष्ट्रीय करियर का अचानक अंत हो गया है.
टेस्ट सीरीज के बीच लिया फैसला(Kane Williamson Retirement)
विलियमसन का यह फैसला इसलिए सबसे ज्यादा हैरान करने वाला है क्योंकि कीवी टीम इस समय इंग्लैंड के खिलाफ 3 मैचों की बेहद अहम टेस्ट सीरीज खेल रही है. इस सीरीज के पहले ही मैच में न्यूजीलैंड को करारी हार का सामना करना पड़ा था, जिसके ठीक बाद केन ने यह बड़ा कदम उठाया. इस अचानक किए गए ऐलान के बाद विलियमसन इंग्लैंड के खिलाफ चल रही सीरीज के बाकी मैचों में भाग नहीं लेंगे और जल्द ही स्वदेश लौटेंगे. न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड जल्द ही उनके रिप्लेसमेंट के तौर पर दूसरे खिलाड़ी के नाम की घोषणा करेगा.
विलियमसन का भावुक संदेश
अपने संन्यास की घोषणा करते हुए पूर्व कीवी कप्तान केन विलियमसन ने कहा कि मैं पिछले कुछ समय से इस बारे में सोच रहा था, लेकिन पिछले कुछ दिनों में यह पूरी तरह साफ हो गया कि क्रिकेट से अलग होने का यही बिल्कुल सही समय है. मैंने हमेशा इंटरनेशनल क्रिकेट के लिए एक मजबूत भूख और जज्बा महसूस किया है. मुझे इस बात पर बेहद गर्व है कि मैंने न्यूजीलैंड के लिए खेले हर एक मैच में अपना सब कुछ झोंक दिया. इससे कम योगदान के साथ आगे बढ़ना सही नहीं होता और मैं भाग्यशाली हूं कि मैं अपनी शर्तों पर इस खेल से दूर हो रहा हूं.
ये भी पढ़ें- अकेलापन दूर करने के चक्कर में लेडी टीचर ने गवाएं 34 लाख! वैवाहिक साइट पर ‘नकली डॉक्टर’ बनकर बैठा था ठग
खाली हुआ क्रिकेट का एक बड़ा कोना
साल 2010 में डेब्यू करने वाले केन विलियमसन ने अपनी कप्तानी में न्यूजीलैंड को साल 2021 में पहली ‘आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप’ (WTC) का खिताब दिलाया था. अपनी कूल कैप्टेंसी, बेहतरीन क्लासिक बल्लेबाजी और मैदान पर अपने बेमिसाल शालीन व्यवहार के लिए वे पूरी दुनिया के चहेते क्रिकेटर रहे हैं. उनके अचानक जाने से पूरी दुनिया के क्रिकेट फैंस इस समय सदमे में हैं और सोशल मीडिया पर ‘थैंक यू केन’ लगातार ट्रेंड कर रहा है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



