Bharat Express DD Free Dish

Triangular T20 Series: अफगानिस्तान ने पाकिस्तान को 18 रन से हराया, घातक गेंदबाजी से मैच में छाए राशिद-नबी

Triangular T20 Series के शारजाह मुकाबले में अफगानिस्तान ने पाकिस्तान को 18 रन से हराया. पहले बल्लेबाज़ी करते हुए अफगानिस्तान ने इब्राहिम जादरान (65) और सेदिकुल्लाह अटल (64) की बदौलत 169 रन बनाए.

AFG vs PAK, T20, Triangular Series 2025

Triangular T20 Series के पहले मैच में अफगानिस्तान को पाकिस्तान से हार का सामना करना पड़ा था. इस मैच के बाद अफगानिस्तान के प्रदर्शन पर सवाल उठे थे.

अफगान टीम ने पहले यूएई और अब पाकिस्तान को पटखनी देकर यह बता दिया है कि हार बस एक संयोग थी. शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में मंगलवार को खेले गए मुकाबले में अफगानिस्तान ने पाकिस्तान को 18 रन से हरा दिया.

पाकिस्तान 170 रन के लक्ष्य के बावजूद 18 रन से हारी

170 रन का लक्ष्य हासिल करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही. टीम ने 8 के स्कोर पर सैम अयूब के रूप में अपना पहला विकेट गंवा दिया. वह बिना खाता खोले आउट हुए. इसके बाद नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे. बल्लेबाज अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सके. लगातार विकेट गिरने की वजह से जरूरी रन रेट ऊपर जाता रहा और पाकिस्तान पर दबाव बढ़ता रहा. पाकिस्तान 20 ओवर में 9 विकेट पर 151 रन बना पाई और 18 रन से हार गई.

ये भी पढ़ें- ऑस्ट्रेलिया को करारा झटका, मिचेल स्टार्क ने अचानक से T20 इंटरनेशनल क्रिकेट से लिया संन्यास, टेस्ट-ODI पर करेंगे फोकस

राशिद-नबी की घातक गेंदबाजी, पाक बल्लेबाज नाकाम

साहिबजादा फरहान 18, फखर जमां 25, कप्ताम सलमान अली आगा 20 रन बनाकर आउट हुए. हारिस रऊफ ने आखिर में आकर 16 गेंद पर नाबाद 36 रन बनाए. अगर यह पारी नहीं आई होती तो पाकिस्तान की हार और बड़ी होती.

अफगानिस्तान ने 169 रन के बचाव के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी. टीम के अनुभवी गेंदबाजों मोहम्मद नबी, राशिद खान, फजलहक फारूखी और नूर अहमद ने बेहद किफायती गेंदबाजी करते हुए विकेट लिए.

राशिद खान ने 4 ओवर में 30 रन देकर 2, मोहम्मद नबी ने 4 ओवर में 20 रन देकर 2, नूर अहमद ने 4 ओवर में 20 रन देकर 2, फजलहक फारुखी ने 3 ओवर में 21 रन देकर 2 विकेट लिए.

अफगानिस्तान का मध्यक्रम फ्लॉप

इससे पहले अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था. सेदिकुल्लाह अटल के 64 और इब्राहिम जादरान के 65 रनों की बदौलत अफगानिस्तान ने 5 विकेट पर 169 रन बनाए थे. इब्राहिम और सेदिकुल्लाह ने दूसरे विकेट के लिए 113 रन की साझेदारी की थी. अफगानिस्तान का मध्यक्रम फ्लॉप रहा था और इसी वजह से कुल स्कोर कम से कम 20 रन कम था. पाकिस्तान के लिए फहीम अशरफ सबसे सफल गेंदबाज रहे. अशरफ ने 4 ओवर में 27 रन देकर 1 विकेट लिया था. सैम अयूब को 1 विकेट मिला था.

Also Follow Bharat Express on X

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read