वेस्टइंडीज ने आयरलैंड को तीसरे टी20 मैच में रविवार को 62 रन से हरा दिया. नॉर्थ आयरलैंड के ब्रिडी क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने पांच विकेट पर 256 रन बनाए. आयरलैंड की टीम सात विकेट के नुकसान पर 194 रन बना सकी और मैच 62 रन से हार गई. इस जीत के साथ वेस्टइंडीज ने तीन मैचों की सीरीज 1-0 से जीत ली.
आयरलैंड की शुरुआत रही खराब
257 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी आयरलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम को पहला झटका 13 के स्कोर पर कप्तान पॉल स्टर्लिंग के रूप में लगा. इस झटके से टीम कभी नहीं उबर सकी और 20 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 194 रन बना सकी और मैच 62 रन से हार गई. आयरलैंड के लिए रॉस अडेयर ने 48, हैरी टैक्टर ने 38 और मार्क अडेयर ने 31 रन बनाए. वेस्टइंडीज के लिए अकील हुसैन ने चार ओवर में 27 रन देकर तीन, जेसन होल्डर ने चार ओवर में 49 रन देकर दो विकेट लिए. रोमारियो शेफर्ड और रॉस्टन चेज को एक-एक विकेट मिले.
वेस्टइंडीज का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर
इससे पहले आयरलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया था. वेस्टइंडीज ने पांच विकेट पर 256 रन बनाए थे. एविन लुईस ने 44 गेंद पर आठ छक्के और सात चौके लगाते हुए 91, कप्तान शे होप ने 27 गेंद पर चार छक्के और चार चौके की मदद से 51, केसी कार्टी ने 22 गेंद पर चार छक्के और चार चौके की मदद से नाबाद 49 रन बनाए. टी20 अंतर्राष्ट्रीय में वेस्टइंडीज का यह दूसरा सर्वाधिक स्कोर है. सर्वाधिक स्कोर वेस्टइंडीज ने अपना सर्वाधिक टी20 स्कोर 26 मार्च 2023 को साउथ अफ्रीका के खिलाफ (पांच विकेट पर 258) बनाया था.
एविन लुईस रहे प्लेयर ऑफ द मैच
आयरलैंड के लिए मैथ्यू हम्फ्रेज ने चार ओवर में 16 रन देकर दो विकेट लिए। अगर यह गेंदबाज थोड़ा महंगा रहा होता तो वेस्टइंडीज टी20 का अपना सर्वाधिक स्कोर बना सकती थी. एविन लुईस प्लेयर ऑफ द मैच रहे.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


