पूर्व भारतीय क्रिकेटर और कोच योगराज सिंह ने पाकिस्तान क्रिकेट टीम को कोचिंग देने की इच्छा जताई है. चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में पाकिस्तान टीम एक भी मैच नहीं जीत सकी और टूर्नामेंट से बाहर हो गई. टीम के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद योगराज सिंह ने कहा कि पाकिस्तान टीम को एक बेहतरीन कोच और सही ट्रेनिंग की जरूरत है.
योगराज सिंह ने एक इंटरव्यू में कहा, “अगर पाकिस्तान टीम को मार्गदर्शन की जरूरत है, तो मैं कोचिंग देने के लिए तैयार हूं. अगर भारत सरकार और बीसीसीआई मुझे इसकी अनुमति दें, तो मैं पाकिस्तान को अपनी सेवाएं देने को तैयार हूं.” उन्होंने यह भी कहा कि 75 साल पहले भारत और पाकिस्तान एक थे और किसी भी देश को आगे बढ़ाने में मदद करना गर्व की बात होगी.
पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर्स पर उठाए सवाल
योगराज सिंह ने पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटरों पर सवाल उठाते हुए कहा, “हमारे देश के दिग्गज खिलाड़ी अपने अनुभव से नई पीढ़ी को तैयार कर रहे हैं, लेकिन पाकिस्तान में ऐसा नहीं हो रहा. वहां के पूर्व खिलाड़ी खुद अपने खिलाड़ियों को गालियां देते हैं. उन्हें अपनी अंडर-19 और जूनियर टीमों पर काम करना चाहिए.”
उन्होंने कहा कि अगर पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर्स अपने युवा खिलाड़ियों को सही मार्गदर्शन दें, तो उनकी टीम और बेहतर प्रदर्शन कर सकती है. उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि किसी भी देश की क्रिकेट का भविष्य उसकी युवा पीढ़ी पर निर्भर करता है.
इमरान खान का किया जिक्र
योगराज सिंह ने पूर्व पाकिस्तानी कप्तान इमरान खान का जिक्र करते हुए कहा, “इमरान खान ने पाकिस्तान क्रिकेट के लिए बहुत कुछ किया, लेकिन उनके देश के लोग ही उन्हें भूल गए.” उन्होंने पाकिस्तान क्रिकेटरों पर आरोप लगाया कि वे सिर्फ पैसों के लिए खेलते हैं और अपने ही देशवासियों की आलोचना करते हैं.
अफगानिस्तान के शानदार प्रदर्शन की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा, “अफगानिस्तान को सलाम! उन्होंने सिर्फ कुछ साल पहले खेलना शुरू किया और अब इंग्लैंड जैसी बड़ी टीम को हरा दिया. यह गर्व की बात है. क्रिकेट में कुछ भी हो सकता है.”
भारतीय टीम पर दिया बड़ा बयान
भारतीय टीम के सेमीफाइनल में पहुंचने पर योगराज सिंह ने कहा, “मैं पहले ही कह चुका था कि भारतीय टीम इस बार अजेय रहेगी. मेरी भविष्यवाणी है कि फाइनल भारत और न्यूजीलैंड के बीच होगा.”
उन्होंने अफगानिस्तान के सेमीफाइनल में पहुंचने की संभावना पर कहा कि हमेशा उन टीमों का समर्थन करना चाहिए जो संघर्ष कर ऊपर आती हैं.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

