IRCTC Tour Package: अगर आप इस चिलचिलाती गर्मी में कहीं ठंडी जगह जाने के बजाय मन की शांति और भक्ति की तलाश में हैं, तो आपके लिए एक बेहतरीन खबर है. आईआरसीटीसी (IRCTC) एक ऐसा शानदार टूर पैकेज लेकर आया है, जो आपको महाराष्ट्र के सबसे प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों की सैर कराएगा. इस पैकेज की सबसे खास बात यह है कि इसमें आपको तीन ज्योतिर्लिंगों के साथ-साथ शिरडी वाले साईं बाबा के दरबार में हाजिरी लगाने का मौका मिलेगा.
लखनऊ वालों के लिए खास तोहफा
यह पूरा सफर लखनऊ से शुरू होगा और 6 दिनों तक चलेगा. टूर की शुरुआत 23 मई 2026 को होगी और 28 मई को वापसी होगी. चूंकि यह एक हवाई यात्रा (Air Tour) है, तो आपको सफर की थकान की चिंता करने की बिल्कुल जरूरत नहीं है.
क्या-क्या देखेंगे आप?
इस यात्रा का शेड्यूल काफी दिलचस्प तरीके से बनाया गया है. आपको नासिक ले जाया जाएगा, जहाँ आप त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन करेंगे और पंचवटी की पावन धरती पर समय बिताएंगे. इसके बाद यात्रा शिरडी की ओर बढ़ेगी, जहां साईं बाबा की समाधि के दर्शन और शनि शिंगणापुर की यात्रा शामिल है. इतना ही नहीं, औरंगाबाद में आप घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग और विश्व प्रसिद्ध एलोरा की गुफाएं भी देख पाएंगे. अगर समय और मंदिर की गाइडलाइन्स ने साथ दिया, तो भीमाशंकर ज्योतिर्लिंग के दर्शन का भी प्लान है.
सुविधाओं की कोई कमी नहीं
IRCTC ने यात्रियों के आराम का पूरा ख्याल रखा है. लखनऊ से नासिक तक की फ्लाइट टिकट से लेकर, रहने के लिए बेहतरीन 3-स्टार होटल्स और खाने-पीने की पूरी व्यवस्था पैकेज का हिस्सा है. आपको बस अपना बैग पैक करना है, बाकी सारी जिम्मेदारी रेलवे की है.
ये भी पढ़ें- Gold Silver Price Today: सोना-चांदी की कीमतों में फिर आई जबरदस्त तेजी, क्या आज ही छू लेगा ‘डेढ़ लाख’ का आंकड़ा?
जेब पर कितना पड़ेगा बोझ?
किराये की बात करें तो इसे अलग-अलग कैटेगरी में बांटा गया है:
अगर आप अकेले सफर कर रहे हैं, तो खर्च 57,500 रुपये आएगा.
दो लोगों के साथ शेयरिंग (Double Sharing) में यह 46,500 रुपये प्रति व्यक्ति पड़ेगा.
तीन लोगों के साथ शेयरिंग में कीमत और कम होकर 45,500 रुपये हो जाएगी.
बच्चों के लिए बेड के साथ 41,000 और बिना बेड के 38,500 रुपये का चार्ज है.
बुकिंग कैसे करें?
ध्यान रहे कि इसमें सीटें सीमित हैं और ‘पहले आओ, पहले पाओ’ वाला हिसाब है. आप लखनऊ के गोमती नगर स्थित पर्यटन भवन जाकर ऑफलाइन बुकिंग करा सकते हैं या फिर IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट (irctctourism.com) पर जाकर घर बैठे अपनी सीट पक्की कर सकते हैं.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

