Nothing CMF Phone
Nothing CMF Phone: Nothing के बजट स्मार्टफोन CMF Phone 1 को लेकर एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Reddit पर एक यूजर ने दावा किया है कि उसके किरायेदार का CMF Phone 1 चार्जिंग के दौरान फट गया, जिससे पूरे बेडरूम में आग लग गई.
तेज धमाके के बाद लगी आग
यूजर के मुताबिक, फोन बेड पर चार्ज हो रहा था और फोन का मालिक खाना खाने के लिए बाहर गया हुआ था. इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले दूसरे किरायेदार ने तेज धमाके की आवाज सुनी. जब तक लोग मौके पर पहुंचे, तब तक गद्दा, चादर और कंबल आग की चपेट में आ चुके थे. आग इतनी तेज थी कि पूरा कमरा बुरी तरह जल गया. हालांकि घर में लगे इमरजेंसी वाटर सिस्टम की मदद से आग पर काबू पा लिया गया.
पोस्ट करने वाले व्यक्ति का कहना है कि जांच में केवल उसी कमरे का एमसीबी ट्रिप हुआ था और इमारत में किसी तरह की बिजली की खराबी नहीं थी. उन्होंने दावा किया कि किरायेदार धूम्रपान नहीं करता था और कमरे में बैटरी वाला दूसरा कोई उपकरण भी नहीं था. इसलिए आग की वजह फोन को माना जा रहा है. हालांकि अभी तक इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
यह भी पढ़ें: दिल्ली-नोएडा भूल जाओ, वर्क फ्रॉम माउंटेन का लो मजा…! सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा अजय का Video, जानें पूरा बजट
गर्मी फंसने से बढ़ सकता है खतरा
कई तकनीकी विशेषज्ञों और यूजर्स का कहना है कि गद्दे, कंबल या तकिए पर फोन चार्ज करने से गर्मी बाहर नहीं निकल पाती, जिससे बैटरी के ज्यादा गर्म होने का खतरा बढ़ जाता है. हाल के महीनों में Samsung Galaxy S25 FE और Google Pixel 6a जैसे स्मार्टफोन्स से जुड़े ऐसे कुछ मामले भी सामने आए हैं, हालांकि इन्हें बड़े पैमाने की समस्या नहीं माना गया है.
Nothing की ओर से नहीं आया बयान
खबर लिखे जाने तक Nothing की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी. फिलहाल यह घटना सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है और यूजर्स फोन चार्जिंग के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




