AI जेनरेटेड इमेज
Rule Change In April: मार्च का महीना अब अपने आखिरी पड़ाव पर है और बस कुछ ही दिनों बाद अप्रैल 2026 का आगाज़ हो जाएगा. नया महीना अपने साथ कैलेंडर की तारीखें ही नहीं, बल्कि आपकी जेब से जुड़े कई बड़े बदलाव भी लेकर आ रहा है. 1 अप्रैल से देश में बैंकिंग, टैक्स और रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़े कई नियम पूरी तरह बदल जाएंगे. इनमें से कुछ बदलाव ऐसे हैं जिनका सीधा असर आपके घर के बजट पर पड़ेगा. आइए जानते हैं वो 5 बड़ी बातें जो पहली अप्रैल से आपकी जिंदगी बदलने वाली हैं.
रसोई गैस और फ्यूल की कीमतों में फेरबदल
महीने की पहली तारीख को तेल कंपनियां एलपीजी (LPG) सिलेंडर के नए रेट जारी करती हैं. इस बार हालात थोड़े चुनौतीपूर्ण हैं क्योंकि मिडिल ईस्ट में चल रहे युद्ध की वजह से दुनिया भर में गैस और तेल की सप्लाई पर असर पड़ा है. आशंका जताई जा रही है कि कंपनियां एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में इजाफा कर आम आदमी को महंगाई का झटका दे सकती हैं. इसके साथ ही सीएनजी (CNG), पीएनजी (PNG) और हवाई ईंधन (ATF) की कीमतों में भी बदलाव देखने को मिल सकता है.
इनकम टैक्स: विदा होगा 1961 का कानून
टैक्सपेयर्स के लिए यह साल ऐतिहासिक होने वाला है. 1 अप्रैल से नया आयकर अधिनियम, 2025 लागू हो जाएगा, जो दशकों पुराने 1961 के कानून की जगह लेगा. अब आईटीआर (ITR) भरने की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए फॉर्म्स में बदलाव किया गया है. अब तक सैलरी क्लास के लिए जो ‘फॉर्म 16’ सबसे अहम दस्तावेज होता था, उसकी जगह अब एक नया फॉर्म मिलेगा. इसी तरह, नॉन-सैलरी इनकम (जैसे किराया या ब्याज) के लिए इस्तेमाल होने वाले ‘फॉर्म 16A’ का नाम बदलकर अब ‘फॉर्म 131’ कर दिया गया है.
HDFC, PNB और बंधन बैंक के ग्राहकों को झटका
अगर आप एटीएम (ATM) का ज्यादा इस्तेमाल करते हैं, तो सावधान हो जाइए.
HDFC Bank: अब बैंक आपके यूपीआई (UPI) के जरिए एटीएम से निकाले गए पैसे को भी ‘फ्री ट्रांजैक्शन’ की लिमिट में गिनेगा. लिमिट खत्म होने पर हर विड्रॉल पर 23 रुपये देने होंगे.
PNB: पंजाब नेशनल बैंक ने डेली ट्रांजैक्शन लिमिट को कम कर दिया है. अब कार्ड की कैटेगरी के हिसाब से आप 50 से 75 हजार रुपये ही निकाल पाएंगे, जबकि पहले यह लिमिट 1 लाख रुपये तक थी.
Bandhan Bank: यहां मेट्रो शहरों में सिर्फ 3 और अन्य जगहों पर 5 फ्री ट्रांजैक्शन मिलेंगे. साथ ही, अगर खाते में बैलेंस कम हुआ और एटीएम ट्रांजैक्शन फेल हुआ, तो 25 रुपये की पेनाल्टी अलग से कटेगी.
पैन कार्ड में अपडेट करना हुआ कठिन
पैन कार्ड (PAN Card) को लेकर सरकार नियम सख्त करने जा रही है. अब सिर्फ आधार कार्ड के दम पर नया पैन कार्ड बनवाना मुमकिन नहीं होगा; आपको इसके साथ अन्य सहायक दस्तावेज (Documents) भी देने होंगे. जो आवेदन फिलहाल पेंडिंग हैं, उन्हें जल्द से जल्द निपटाने की सलाह दी गई है, वरना नए नियमों के पेच में मामला फंस सकता है.
रेलवे का सफर: टिकट कैंसिल पर कटेगी जेब
रेलवे यात्रियों के लिए 1 अप्रैल से टिकट कैंसिलेशन के नियम बदलने वाले हैं. अब कन्फर्म टिकट रद्द करने पर रिफंड के पैसे कम मिलेंगे. सबसे बड़ा बदलाव समय सीमा को लेकर है. अब ट्रेन छूटने से 8 घंटे पहले तक ही कुछ रिफंड मिल पाएगा (पहले ये समय 4 घंटे था). अगर आप आखिरी वक्त पर टिकट कैंसिल करते हैं, तो आपको एक रुपया भी वापस नहीं मिलेगा.
ये भी पढ़ें: कमाई की नो टेंशन! सरकारी गारंटी के साथ पाएं 8.2% तक ब्याज, हर महीने होगी 20 हजार से ज्यादा की कमाई
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




