Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

आगरा में शराब के विवाद में पत्नी बनी हैवान, घर के भीतर ही दफना दिया सुहाग, जानें कैसे खुली पोल

आगरा के सिकंदरा में एक महिला ने अपने पति सुरेंद्र शर्मा की हत्या कर उसकी लाश को बाथरूम के फर्श के नीचे दफन कर दिया. पिछले 45 दिनों से लापता सुरेंद्र के मामले में पुलिस को तब सफलता मिली जब घर के बाथरूम में लगी नई टाइल्स पर शक हुआ.

Agra Murder Wife Kills Husband Buried Body Under Floor for 45 Days

Agra Murder: उत्तर प्रदेश के आगरा ने एक बार फिर पुराने और मशहूर हत्याकांडों की यादें ताजा कर दी हैं. पिछले 45 दिनों से जिस सुरेंद्र को सभी ढूंढ रहें थे, उसका शव कहीं और नहीं, बल्कि उसके ही घर के बाथरूम के फर्श के नीचे दफन था. पुलिस ने जब शक के आधार पर बाथरूम की खुदाई कराई, तो नीचे से कंकाल बन चुका शव बरामद हुआ. पुलिस ने आरोपी पत्नी को हिरासत में ले लिया है.

18 मई से लापता था सुरेंद्र

ये मामला आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र की रेणुका धाम कॉलोनी का है. यहां रहने वाले 44 वर्षीय सुरेंद्र कुमार शर्मा अचानक 18 मई से लापता हो गए थे. सुरेंद्र के भाई अनिल शर्मा और बाकी रिश्तेदार लगातार उनकी तलाश में भटक रहे थे. इस दौरान सुरेंद्र की पत्नी रूबी बेहद सामान्य व्यवहार कर रही थी. वह सबको यही दिलासा देती रही कि सुरेंद्र गुस्से में कहीं चले गए हैं और जल्द ही लौट आएंगे. शक न हो, इसलिए रूबी ने खुद ही रिश्तेदारों को बुलाकर 26 मई को थाने में सुरेंद्र की गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज करा दी थी.

नई टाइल्स से गहराया पुलिस का शक

शुक्रवार को पुलिस की एक टीम किसी पुराने मामले के वेरिफिकेशन के सिलसिले में सुरेंद्र के घर पहुंची थी. बातचीत के दौरान पुलिस को रूबी का बर्ताव थोड़ा अजीब और संदिग्ध लगा. इसी बीच सुरेंद्र के भाई अनिल ने भी पुलिस को कुछ ऐसी बातें बताईं जिससे शक की सुई रूबी की तरफ घूम गई.

जब पुलिस ने घर की सघन तलाशी ली, तो उनकी नजर बाथरूम पर पड़ी. बाथरूम के फर्श पर ताजा प्लास्टर और नई टाइल्स लगी हुई थीं, जिससे पुलिस का शक और भी बढ़ गया. पुलिस ने बिना देर किए मजदूरों को बुलाया और बाथरूम का फर्श तुड़वाना शुरू किया. जैसे ही खुदाई आगे बढ़ी, नीचे मिट्टी में दबा सुरेंद्र का शव देख पुलिसवाले सन्न रह गए.

पहले से ही बुला रखे थे मिस्त्री

शव मिलने के बाद पुलिस ने जब रूबी को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. भाई अनिल के अनुसार, सुरेंद्र को शराब की बुरी लत थी, जिसके कारण पति-पत्नी में आए दिन झगड़े होते थे. रूबी ने प्लानिंग के तहत सुरेंद्र की हत्या की और लाश को ठिकाने लगाने के लिए पहले से ही घर पर मिस्त्री और मजदूर तय कर रखे थे. कत्ल के तुरंत बाद उसने लाश को गड्ढे में डाला, ऊपर से मिट्टी भरी और मिस्त्रियों से कहकर वहां प्लास्टर करवाकर नई टाइल्स लगवा दीं.

एसीपी हरी पर्वत अमीषा पटेल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और फॉरेंसिक टीम सबूत जुटा रही है. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस साजिश में रूबी के साथ कोई और भी शामिल था या उसने अकेले ही इस वारदात को अंजाम दिया.

ये भी पढ़ें: मेरठ में इंस्टाग्राम पर रील बनाने से नाराज पति ने पत्नी की चाकू से गोंदकर की हत्या

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital