Bharat Express DD Free Dish

Braj Ki Holi 2026: दूर-दूर से ब्रज में पहुंच रहे होली के प्रेमी, प्रशासन ड्रोन से रखेगा नजर, हुरियारों के भेष में ड्यूटी करेंगे सुरक्षाकर्मी

Braj Ki Holi 2026: ब्रज की होली में इस बार सुरक्षा को और कड़ा किया गया है. बरसाना की लठामार होली और मथुरा-वृंदावन की लड्डू होली का आनंद लेने वाले श्रद्धालुओं के लिए प्रशासन ने साफ कर दिया है कि किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

Braj Ki Holi 2026: ब्रज की होली में इस बार सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता किया गया है. अगर आप विश्व प्रसिद्ध बरसाना की लठामार होली या लड्डू होली का लुत्फ उठाने मथुरा-वृंदावन जाने की सोच रहे हैं तो प्रशासन ने साफ कर दिया है कि आस्था के इस सैलाब में किसी भी तरह की गड़बड़ी की गुंजाइश नहीं छोड़ी जाएगी.

इस बार की सुरक्षा व्यवस्था में आपके बगल में खड़ा ‘हुरियारा’ या आम श्रद्धालु पुलिसकर्मी भी हो सकता है. हुड़दंगियों और संदिग्धों पर लगाम कसने के लिए भारी संख्या में सादा कपड़ों में सुरक्षाकर्मी तैनात किया गया हैं. इनका काम सिर्फ भीड़ के बीच रहकर हर छोटी-बड़ी हरकत पर नजर रखना है. अगर किसी ने भी माहौल खराब करने की कोशिश की, तो ये पुलिसकर्मी तुरंत एक्शन लेंगे.

एसएसपी श्लोक कुमार ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा के लिए रणनीति अपनाई जा है. संकरी गलियों से लेकर मंदिर के ऊंचे शिखरों तक, आसमान से ड्रोन हर गतिविधि को रिकॉर्ड करेंगे. भीड़भाड़ वाले संवेदनशील इलाकों में एंटी-सबोटाज और बम निरोधक दस्ता (BDS) लगातार चेकिंग कर रहा है तथा पूरे क्षेत्र को सीसीटीवी कैमरों से लैस कर दिया गया है, जिसकी मॉनिटरिंग एक आधुनिक कंट्रोल रूम से की जा रही है.

कई जिलों की फोर्स ने संभाला मोर्चा

मथुरा में उमड़ने वाली लाखों की भीड़ को संभालना अकेले स्थानीय पुलिस के बस की बात नहीं है. इसीलिए पड़ोसी जिलों हाथरस, अलीगढ़, एटा, मैनपुरी, फिरोजाबाद और आगरा से एक हजार से ज्यादा अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को बुलाया गया है. एलआईयू (LIU) और अन्य खुफिया एजेंसियां भी जमीन पर एक्टिव हैं ताकि अफवाह फैलाने वालों और असामाजिक तत्वों को मौका न मिले.

ट्रैफिक और भीड़ नियंत्रण पर ध्यान

प्रशासन का मुख्य फोकस सिर्फ सुरक्षा ही नहीं, बल्कि ट्रैफिक मैनेजमेंट भी है. अक्सर होली के दौरान सड़कों पर भारी जाम लग जाता है, जिससे श्रद्धालुओं को परेशानी होती है. इस बार रूट चार्ट को इतना आसान बनाया गया है कि आने-जाने वालों को दिक्कत नहीं हो. पुलिस ने भी हिदायत दी है कि सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की अफवाह नहीं फैलाएं.

ये भी पढ़ें:  Braj Ki Holi 2026: महावन में ठाकुर रमण बिहारी का आंगन होली के रंगों से सतरंगी हो गया, श्रद्धालुओं ने जमकर बरसाया अबीर-गुलाल

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read