उत्तर प्रदेश में होने वाले आगामी शिक्षक और स्नातक MLC चुनावों की बिसात बिछ चुकी है. इसी कड़ी में गाजियाबाद (Ghaziabad) में शिक्षक प्रत्याशी श्रीचंद शर्मा के समर्थन में आयोजित एक विशाल सम्मेलन में भारतीय जनता पार्टी (BJP) का ‘शक्ति प्रदर्शन’ देखने को मिला. मंच से गरजते हुए राज्यसभा सांसद और पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने जहां एक तरफ शिक्षकों को राष्ट्र का असली ‘शिल्पकार’ बताया, वहीं दूसरी तरफ डंके की चोट पर ऐलान कर दिया कि शिक्षा में असली सुधार सिर्फ और सिर्फ BJP के शासन में ही संभव है.
सम्मान ‘आयु’ का नहीं, ‘आय’ का होने लगा है- दिनेश शर्मा
हजारों शिक्षकों, प्रधानाचार्यों और प्रबंधकों को संबोधित करते हुए डॉ. शर्मा ने समाज की कड़वी सच्चाई पर बेहद गहरा तंज कसा. उन्होंने कहा कि व्यक्ति मृदु और शालीन व्यवहार से ही बड़ा बनता है, लेकिन आज के दौर में बड़ी ‘आयु’ (उम्र) वालों की जगह बड़ी ‘आय’ (इनकम) वालों का सम्मान होने लगा है. आलोचकों को करारा जवाब देते हुए उन्होंने कहा, “प्रतिष्ठा उन्हीं की होती है जो हिम्मत रखते हैं! जिसका विरोध नहीं होता, समझो उसकी प्रगति भी नहीं होती. इसलिए बिना किसी संदेह के काम करते रहना चाहिए.”
योगी सरकार के 4 ‘मास्टरस्ट्रोक’
अपने शिक्षा मंत्री के कार्यकाल को याद करते हुए डॉ. शर्मा ने बताया कि कैसे योगी सरकार ने एजुकेशन सिस्टम का पूरा ‘कचरा’ साफ किया था. उन्होंने प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को बदलने के लिए अपनी सरकार के 4 सबसे बड़े मंत्र गिनाए. उन्होंने बताया कि कैसे सरकार ने शिक्षकों के ऑनलाइन तबादले, प्रोफेसर पदनाम, NCERT पाठ्यक्रम लागू करने और वित्तविहीन शिक्षकों को वोट का अधिकार देकर शिक्षा जगत में एक ‘सुपर-क्रांति’ ला दी थी.
- सुखी मन शिक्षक
- गुणवत्ता परक शिक्षा
- तनाव मुक्त विद्यार्थी
- नकल विहीन परीक्षा
ये भी पढ़ें: ‘BJP का कार्यकर्ता 24 कैरेट खरा सोना’, डॉ दिनेश शर्मा ने सुनाई कार्यकर्ताओं के खून-पसीने की कहानी
कश्मीर का जिक्र और जीत का शंखनाद
‘असंभव’ शब्द को नकारते हुए डॉ. शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) का उदाहरण दिया. उन्होंने कहा कि जिस तरह पीएम मोदी ने कश्मीर से धारा 370 हटाकर असंभव को संभव कर दिखाया, उसी तरह 2047 तक ‘विकसित भारत’ का सपना भी हकीकत में बदलेगा. इस महा-सम्मेलन में मंत्री सुनील शर्मा, सांसद अतुल गर्ग, विधायक संजीव शर्मा, विधान परिषद सदस्य श्रीचंद शर्मा और महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल समेत BJP के कई दिग्गजों ने मंच साझा किया और आगामी चुनाव में भगवा परचम लहराने का हुंकार भर दिया.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


