Bharat Express DD Free Dish

इटावा में आगजनी झेलकर भी बुलंद रखा झंडा; खोड़ा में बीजेपी कार्यकर्ताओं के समर्पण पर भावुक हुए सांसद दिनेश शर्मा

पूर्व उपमुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा ने गाजियाबाद में शिक्षकों और भाजपा कार्यकर्ताओं के सम्मेलनों को संबोधित किया. उन्होंने योगी सरकार में बतौर शिक्षा मंत्री किए गए सुधारों जैसे ऑनलाइन ट्रांसफर और नकल विहीन परीक्षा का जिक्र किया.

Dr Dinesh Sharma Addresses Teacher and BJP Worker Meets in Ghaziabad
Edited by Vaibhav Gupta

राज्यसभा सांसद और उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने गाजियाबाद में आयोजित दो अलग-अलग बड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लिया. यहां उन्होंने शिक्षकों की भूमिका की सराहना करने के साथ-साथ बीजेपी कार्यकर्ताओं के अटूट समर्पण को भी सलाम किया. डॉ. शर्मा ने साफ शब्दों में कहा कि यह देश की उन्नति और जागरण का समय है, और साल 2047 तक ‘विकसित भारत’ का संकल्प हर हाल में हकीकत में बदलेगा. उन्होंने दावा किया कि शिक्षा व्यवस्था में वास्तविक सुधार केवल भाजपा के शासन में ही मुमकिन है.

‘आज बड़ी आयु का नहीं, बड़ी आय का सम्मान होता है’

मेरठ-सहारनपुर-गाजियाबाद शिक्षक प्रत्याशी एमएलसी चुनाव के सिलसिले में आयोजित शिक्षक, प्रधानाचार्य और प्रबंधकों के विशाल सम्मेलन को संबोधित करते हुए पूर्व शिक्षा मंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने आज के दौर पर तीखा तंज कसा. उन्होंने कहा, ‘पहले के समय में समाज में बड़ी आयु के लोगों का आदर होता था, लेकिन आज बड़ी आय वालों को सम्मान मिलता है.

हालांकि, शालीन और मधुर व्यवहार ही इंसान को असल मायने में बड़ा बनाता है.’ उन्होंने शिक्षकों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि जो काम करता है, उसकी आलोचना होना स्वाभाविक है. विरोध से घबराना नहीं चाहिए, क्योंकि जिसका विरोध नहीं होता, उसकी प्रगति भी नहीं होती.

योगी सरकार के कार्यकाल को किया याद

अपने शिक्षा मंत्री के कार्यकाल को याद करते हुए डॉ. शर्मा ने बताया कि सरकार ने ‘सुखी मन शिक्षक, गुणवत्तापरक शिक्षा, तनाव मुक्त विद्यार्थी और नकल विहीन परीक्षा’ के चार मूल बिंदुओं पर काम किया था. उन्होंने एनसीईआरटी (NCERT) पाठ्यक्रम लागू करने, ऑनलाइन और पारदर्शी ट्रांसफर नीति, समय पर परीक्षा व परिणाम देने और रिटायरमेंट के वक्त सभी बकायों के भुगतान जैसे ऐतिहासिक कदमों का जिक्र किया.
उन्होंने कहा कि वित्तविहीन और अंशकालिक शिक्षकों को भी हक दिए गए, जिससे उत्तर प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था का मॉडल पूरी तरह बदल गया. डॉ. शर्मा ने कहा कि जैसे पीएम मोदी ने कश्मीर से धारा ३७० हटाकर असंभव को संभव किया, वैसे ही दृढ़ इच्छाशक्ति से सब कुछ मुमकिन है.

‘खरे सोने जैसे हैं भाजपा कार्यकर्ता’

इसके बाद खोड़ा में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती संस्मरण पखवाड़ा के तहत आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे डॉ. दिनेश शर्मा ने कार्यकर्ताओं के जज्बे को नमन किया. उन्होंने कहा कि विपक्ष जहां झूठे वादे करता है, वहीं भाजपा का कार्यकर्ता खरे सोने की तरह है जो सिर्फ सच्चे वादे करता है.

पुराने दिनों को याद करते हुए उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं ने सपा के गढ़ इटावा तक में विपरीत परिस्थितियों में पार्टी का झंडा बुलंद किया. आज वर्षों की उसी तपस्या का परिणाम है कि केंद्र में मोदी और राज्य में योगी सरकार देश-प्रदेश में कानून का राज चला रही है.

इस दौरान प्रदेश सरकार के मंत्री सुनील शर्मा, सांसद अतुल गर्ग, महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल, एमएलसी श्रीचंद शर्मा और विधायक संजीव शर्मा समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे.

ये भी पढ़ें: 5 से 10 हजार में बनता था फर्जी पासपोर्ट; मवाना पुलिस ने शातिर सलीम को दबोचा, खुला पुराना इतिहास

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read