Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

‘जमीन खरीदने से पहले जांचें वैधता’, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने छपरौला में ढहाई अवैध कॉलोनी, CEO ने दी सख्त चेतावनी

ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण ने सोमवार सुबह बादलपुर के छपरौला गांव में ‘सहारा सिटी’ नाम से बसाई जा रही अवैध कॉलोनी पर बुलडोजर चलाकर करीब 3 एकड़ जमीन को कब्जा मुक्त कराया है.

Greater Noida Authority Bulldozer Action Frees 3 Acres Land Worth 24 Crore In Chhapraula Badalpur
Edited by Vaibhav Gupta

Greater Noida Authority Bulldozer Action: ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण ने अवैध कॉलोनाइजरों के खिलाफ सोमवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए बादलपुर क्षेत्र के छपरौला गांव में जमकर बुलडोजर चलाया. प्राधिकरण की टीम भारी पुलिस बल के साथ सुबह करीब 6:30 बजे मौके पर पहुंची और ‘सहारा सिटी’ (सहारा समतल) के नाम से काटी जा रही अवैध कॉलोनी को जमींदोज कर दिया. इस अभियान के तहत करीब 3 एकड़ अधिसूचित जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 24 करोड़ रुपये आंकी गई है.

नोटिस के बाद की गई कार्रवाई

अधिकारियों के मुताबिक, अवैध कॉलोनाइजर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र में बिना किसी नक्शा स्वीकृति के धड़ल्ले से प्लॉटिंग कर कॉलोनी बसा रहे थे. इस संबंध में पहले ही नोटिस जारी किया गया था, लेकिन निर्माण कार्य नहीं रोका गया.

इसके बाद प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर कॉलोनाइजर के दफ्तर, वहां बनी दुकानों और कई अवैध मकानों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया. इस तरह भू-माफिया भोले-भाले खरीदारों को सस्ते प्लॉट का झांसा देकर उनकी जीवनभर की गाढ़ी कमाई फंसा रहे थे.

CEO बलकार सिंह की आम लोगों से अपील

इस कार्रवाई के बाद ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ बलकार सिंह ने आम नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है. उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति जमीन, फ्लैट या विला खरीदने से पहले प्राधिकरण दफ्तर से उस परियोजना की वैधता और जमीन की स्थिति की पुष्टि जरूर कर ले, ताकि भविष्य में उन्हें आर्थिक नुकसान न उठाना पड़े.

सीईओ ने साफ शब्दों में चेतावनी भी दी है कि अधिसूचित क्षेत्र में अवैध कॉलोनियां बसाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और अतिक्रमण के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.

यह भी पढ़ें: मस्जिद में पढ़ाई की आड़ में घिनौनी हरकत! अरबी सिखाने वाले पेश इमाम पर किशोर से दरिंदगी का आरोप, हुआ गिरफ्तार

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism