Bharat Express DD Free Dish

Hapur Accident: गर्लफ्रेंड का बर्थडे मनाने गए युवक को तेज रफ्तार कार ने कुचला, CCTV में कैद हुई मौत की आखिरी रात

Hapur Accident: उत्तर प्रदेश के हापुड़ में NH-9 पर तेज रफ्तार कार ने ढाबे में घुसकर युवक की जान ले ली और गर्लफ्रेंड समेत तीन लोग घायल हो गए. हादसे का वीडियो CCTV में कैद हुआ. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Hapur Car Accident

Hapur Accident: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक तेज रफ्तार कार ने नेशनल हाईवे-9 पर स्थित ‘राजा जी ढाबे’ में घुसकर एक युवक की जान ले ली. यह हादसा सोमवार रात का है और इसकी भयावह तस्वीरें ढाबे के बाहर लगे CCTV कैमरे में कैद हुई हैं.

जानकारी के मुताबिक, बुलंदशहर के थाना सहकारी नगर क्षेत्र के फरादपुर गांव निवासी 34 वर्षीय का युवक अपनी गर्लफ्रेंड का जन्मदिन मनाने के लिए राजा जी ढाबे पर पहुंचे थे. केक काटने और खाना खाने के बाद दोनों ढाबे से बाहर टहलने निकले थे. तभी एक बेकाबू तेज रफ्तार कार ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी और ढाबे के अंदर जा घुसी.

मौके पर युवक की मौत, गर्लफ्रेंड समेत तीन घायल

इस दर्दनाक हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, उसकी गर्लफ्रेंड समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों की पहचान राजस्थान के झुंझुनू जिले के बुढ़ाना गांव निवासी संदीप और एक अन्य व्यक्ति सुरेंद्र के रूप में हुई है. सभी घायलों को हापुड़ के गढ़ रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है.

हादसे के बाद ढाबे में मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई. आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंचकर पुलिस ने घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाया और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है, लेकिन कार चालक मौके से फरार हो गया.

पुलिस कर रही जांच, परिवारों को दी गई सूचना

थाना बाबूगढ़ प्रभारी निरीक्षक महेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक और घायलों के परिवारों को हादसे की जानकारी दे दी गई है. अभी तक किसी की ओर से लिखित शिकायत (तहरीर) नहीं मिली है. तहरीर मिलने के बाद केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने आरोपी ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है.

ये भी पढ़ें: Meerut News: डॉ. सरोजिनी अग्रवाल के ठिकानों पर CBI का छापा, 9 घंटे की कार्रवाई में हुई भारी जब्ती

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read