Bharat Express DD Free Dish

हापुड़ में हैवानियत: शादी तोड़ने पर मंगेतर ने घर में घुसकर दो बहनों पर फेंका तेजाब

हापुड़ के सिंभावली में नशाखोरी के कारण शादी टूटने से नाराज मंगेतर ने दो बहनों पर ज्वलनशील पदार्थ फेंका. पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है.

Hapur Crime Man Throws Corrosive Liquid On Ex Fiancee And Sister In Simbhawali Bharat Express

AI IMAGE

Edited by Vaibhav Gupta

Hapur Acid Attack: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां शादी टूटने से बौखलाए एक युवक ने अपनी पूर्व मंगेतर और उसकी बहन पर घर में घुसकर तेजाब फेंक दिया. इस सनसनीखेज हमले में दोनों बहनें झुलस गईं, जिन्हें तुरंत गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी और उसके साथी को हिरासत में ले लिया है.

शराब की लत बनी शादी टूटने की वजह

जानकारी के मुताबिक, मामला हापुड़ के सिंभावली थाना क्षेत्र के एक गांव का है. पीड़ित परिवार ने अपनी बड़ी बेटी का रिश्ता हापुड़ के आवास विकास निवासी एक युवक के साथ तय किया था. लेकिन, शादी से पहले ही परिवार को पता चला कि युवक अत्यधिक शराब और नशे का आदी है.

लड़के की इस बुरी आदत को देखते हुए लड़की के परिजनों ने अपनी बेटी का भविष्य सुरक्षित रखने के लिए शादी का रिश्ता रद्द कर दिया. रिश्ते टूटने की बात मंगेतर को नागवार गुजरी और उसने बदले की नीयत से इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने की साजिश रच डाली.

बहनों पर फेंका ज्वलनशील लिक्विड

आरोप है कि देर रात सिरफिरा युवक अपने एक साथी के साथ चुपके से युवती के घर में दाखिल हुआ. उस वक्त दोनों बहनें गहरी नींद में सो रही थीं. आरोपी ने बिना किसी खौफ के दोनों बहनों पर ज्वलनशील लिक्विड फेंक दिया और मौके से फरार हो गया. चीख-पुकार सुनकर पहुंचे परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और दोनों झुलसी हुई बेटियों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया.

आरोपी और साथी गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. मामले की जानकारी देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) विनीत भटनागर ने बताया कि पीड़ित परिवार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने मुख्य आरोपी और वारदात में उसका साथ देने वाले साथी को गिरफ्तार कर लिया है.

पूछताछ में आरोपी ने कुबूल किया कि शादी टूटने से नाराज होकर उसने यह हमला किया था. फिलहाल पुलिस इस बात की भी गहनता से जांच कर रही है कि आरोपी के पास यह ज्वलनशील पदार्थ कहां से और कैसे पहुंचा.

इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद इलाके में दहशत और लोगों में भारी आक्रोश है. स्थानीय लोग आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

यह भी पढ़ें: बलिया में सीएम योगी का सपा‑कांग्रेस पर वार, मेडिकल कॉलेज और भृगु कारीडोर का ऐलान

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read