Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

‘आप देंगे पैसा?’ 13 साल के बच्चे का बेबाक अंदाज देखकर DM साहब भी रह गए हैरान, VIDEO वायरल

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर में संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान एक हैरान करने वाला मामला सामने आया. 8वीं क्लास के छात्र अमिताभ ने घर के विवाद को लेकर डीएम के सामने पुलिस और सिस्टम पर तीखे सवाल दाग दिए. बच्चे की बेबाकी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई.

Lakhimpur DM: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर से एक ऐसा अनोखा मामला सामने आया है जिसने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है. वैसे तो संपूर्ण समाधान दिवस में बड़े-बुजुर्ग अपनी फरियाद लेकर पहुंचते हैं लेकिन सदर तहसील में आयोजित समाधान दिवस में तब सब हैरान रह गए, जब 8वीं क्लास में पढ़ने वाला 13 साल का एक बच्चा अमिताभ सीधे जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह के सामने जा खड़ा हुआ. बच्चे का कॉन्फिडेंस ऐसा था कि वहां मौजूद बड़े-बड़े अधिकारी भी दंग रह गए.

बच्चे ने सिस्टम पर खड़े किए सवाल

अमिताभ ने डीएम को बताया कि उसके ताऊ-ताई ने उनके घर के एक हिस्से पर ताला लगा दिया है. परिवार गरीब है और वे उस हिस्से को किराए पर देकर घर का खर्च चलाना चाहते हैं. बच्चे ने आरोप लगाया कि पुलिस चौकी में कई बार शिकायत की गई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई.

इस दौरान जब बच्चे ने पुलिस की बेरुखी पर गुस्सा जाहिर किया तो डीएम ने उसे शांत कराते हुए कहा, “बेटा, इन सब बातों को छोड़ो और पढ़ाई पर ध्यान दो.” इस पर बच्चे ने तपाक से पुलिस वालों की तरफ इशारा करते हुए कहा, “आप लोगों को क्या दिक्कत है, आपकी कमीशन कम हो गई क्या?” बच्चे की यह बात सुनकर वहां मौजूद सभी लोग और खुद डीएम साहब भी हंस पड़े.

डीएम साहब भी रह गए लाजवाब

बात यहीं खत्म नहीं हुई. जब डीएम ने उसकी पारिवारिक स्थिति को लेकर पूछा तो बच्चे ने महंगाई का दर्द बयां करते हुए कहा, “आजकल ₹50 में क्या होता है खाने की तंगी है.” इसके बाद उसने सीधे डीएम से ही सवाल दाग दिया, “मेरी दीदी 9वीं पास कर गई है अब उसे स्कूल से मुफ्त किताब-कॉपी नहीं मिलती, आप देंगे पैसा?” बच्चे के इस मासूम लेकिन तीखे सवाल पर मुस्कुरा रहे डीएम साहब भी एक पल के लिए लाजवाब हो गए. उन्होंने तुरंत बच्चे को भरोसा दिलाया कि उसकी समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा.

पुलिस जांच में सामने आया दूसरा पहलू

डीएम के निर्देश पर शहर कोतवाल राजेश कुमार सिंह तुरंत पुलिस टीम के साथ अमिताभ के घर पहुंचे. हालांकि जब पुलिस ने मामले की बारीकी से जांच की तो कहानी कुछ और ही निकली. बच्चे की मां ने पुलिस को बताया कि अमिताभ का पढ़ाई में मन नहीं लगता और वह इधर-उधर घूमता रहता है. वह घर से स्कूल की टीसी कटवाने की बात कहकर निकला था लेकिन सीधे तहसील पहुंच गया.

जांच में यह भी पता चला कि बच्चे के पिता ने दो शादियां की थीं. पहली पत्नी के बेटे की मां का निधन हो चुका है और वह लखनऊ में अपनी बुआ के घर रहकर पढ़ रहा है. जिस कमरे पर ताला लटका था वह असल में उसी सौतेले भाई के हिस्से का है. वहीं शिकायत करने वाला अमिताभ दूसरी पत्नी का बेटा है और उसके पिता की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है. फिलहाल प्रशासन ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए बच्चे की पढ़ाई और परिवार की स्थिति को ध्यान में रखकर जरूरी कार्रवाई शुरू कर दी है.

ये भी पढ़ें- राम मंदिर चंदा चोरी पर कांग्रेस के सवाल: खड़गे-राहुल ने पीएम मोदी को लिखा पत्र, निष्पक्ष जांच की मांग

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital