Bharat Express DD Free Dish

Braj Ki Holi 2026: लठामार होली के लिए यूं तैयार हो रहा बरसाना, 25 फरवरी को हुरियारों पर बरसेगी लाठियां और रंग

Braj Ki Holi 2026: बरसाना में लठमार होली की तैयारियां जोरों पर हैं, हुरियारनें अपनी-अपनी लाठियां तेल से मजबूत करने में लगी हैं. साथ ही लहंगा-चुनरी संवारी जा रही हैं. 25 फरवरी को पुरुषों पर बरसाई जाएंगी लाठियां.

मथुरा जिले के बरसाना में लठामार होली की तैयारियां तेज हो गई हैं. राधा रानी की नगरी कहे जाने वाले इस गांव में घर-घर होली की रौनक छाई हुई है. हुरियारिनें यानी राधा की सखियां अपनी लाठियां तेल से मजबूत कर रही हैं. ताकि होली के दिन ये लाठियां अच्छी तरह काम आएं. साथ ही पारंपरिक कपड़े जैसे लहंगा, चुनरी और आभूषण भी तैयार किए जा रहे हैं.

लठामार होली राधा-कृष्ण की लीलाओं से जुड़ी है. यहां महिलाएं लाठियों से पुरुषों का मजाकिया हमला करती हैं. पुरुष ढाल लेकर खुद को बचाते हैं. यह खेल उत्साह, उल्लास और भक्ति से भरा होता है. बरसाना की हुरियारिनें कहती हैं कि यह सिर्फ उत्सव नहीं, बल्कि राधा-कृष्ण की जीवंत परंपरा है. देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु और पर्यटक इसे देखने आते हैं.

ऐसी हैं प्रशासन की व्यवस्थाएं

शासन-प्रशासन भी जोर-शोर से तैयारियों में जुटा है. सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन के लिए खास इंतजाम किए जा रहे हैं. बरसाना को जोन और सेक्टर में बांटा गया है. कई पार्किंग, स्वास्थ्य केंद्र, एम्बुलेंस और वॉचटावर लगाए जा रहे हैं. हुड़दंग रोकने के लिए पुलिस अलर्ट है. राधा रानी मंदिर में दर्शन का समय बढ़ाकर 14 घंटे कर दिया गया है.

लड्डू होली और लठमार होली

इस साल लड्डू होली 24 फरवरी को और लठामार होली 25 फरवरी 2026 को बरसाना में खेली जाएगी. अगले दिन 26 फरवरी को नंदगांव में लठामार होली होगी. यह ब्रज की होली का सबसे खास हिस्सा है. यहां होली सिर्फ रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि प्रेम, श्रद्धा और नारी शक्ति का प्रतीक है. नई पीढ़ी भी पुरानी परंपराओं को सीख रही है.

ये भी पढ़ें- Braj Ki Holi 2026: महावन में ठाकुर रमण बिहारी का आंगन होली के रंगों से सतरंगी हो गया, श्रद्धालुओं ने जमकर बरसाया अबीर-गुलाल

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read