Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

UP News: लखनऊ में 1200 झोपड़ियां खाक, सिलेंडरों के धमाकों से दहला इलाका, पांच किलोमीटर तक दिखीं आग की लपटें, सैकड़ों परिवार बेघर

UP News: लखनऊ के विकास नगर सेक्टर-12 की झुग्गी बस्ती में बुधवार शाम लगी आग ने 1200 झोपड़ियों को राख कर दिया. सिलेंडरों के धमाकों से इलाके में दहशत फैल गई और सैकड़ों परिवार बेघर हो गए.

UP News: राजधानी लखनऊ के विकास नगर सेक्टर-12 में बुधवार शाम अचानक आग भड़क उठी. रिंग रोड किनारे बनी अवैध झुग्गी बस्ती देखते ही देखते आग की लपटों में घिर गई. करीब 1200 झोपड़ियां जलकर राख हो गईं. आग इतनी तेज थी कि पांच किलोमीटर दूर तक धुएं का गुबार साफ दिखाई दे रहा था.

सिलेंडरों के धमाकों से दहशत

झोपड़ियों में रखे लगभग 100 गैस सिलेंडर एक-एक कर फटने लगे. धमाकों की आवाज पूरे इलाके में गूंजती रही और लोग दहशत में आ गए. आसपास की दुकानें तुरंत बंद कर दी गईं और रिंग रोड पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया. खुर्रम नगर और मिनी स्टेडियम इलाके में घंटों जाम लगा रहा.

लोगों में अफरा-तफरी

आग के विकराल रूप को देखते ही बस्ती में भगदड़ मच गई. लोग चीखते-चिल्लाते अपनी जान बचाने के लिए भागने लगे. स्थानीय लोगों का कहना है कि आग में दो गायों और करीब 50 बकरियों की मौत हो गई. कुछ बच्चों के लापता होने की भी खबर है, जिस पर पुलिस और प्रशासन ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है.

आग बुझाने में जुटी फायर ब्रिगेड

आग की भयावहता को देखते हुए लखनऊ फायर ब्रिगेड की 22 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. रात 10 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया. आसपास बने 30 पक्के मकानों को खाली कराया गया ताकि आग आगे न फैल सके.

प्रशासन पर देरी का आरोप

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना देने में देर हुई और फायर ब्रिगेड भी करीब एक घंटे बाद पहुंची. इस देरी ने आग को और विकराल बना दिया. मौके पर नाराज भीड़ और अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई.

बड़े अधिकारी मौके पर

डीजी फायर सुजीत पांडेय, पुलिस कमिश्नर अमरेंद्र कुमार सेंगर और जिलाधिकारी विशाख. जी तुरंत मौके पर पहुंचे. एसडीआरएफ और डॉक्टरों की टीम भी राहत कार्य में जुटी रही.

रक्षा मंत्री ने लिया संज्ञान

घटना की जानकारी मिलते ही रक्षा मंत्री और लखनऊ सांसद राजनाथ सिंह ने जिलाधिकारी से बात की. उन्होंने राहत-बचाव कार्यों को तेजी से चलाने और घायलों के इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए.

डिप्टी सीएम का दौरा

डिप्टी सीएम बृजेश पाठक भी घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने अधिकारियों से राहत कार्य तेज करने और प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद देने को कहा.

ये भी पढ़ें-BJP नेता के मर्डर मामले में नप गए माननीय, कांग्रेस विधायक विनय कुलकर्णी समेत 17 लोग दोषी करार

वर्षों से बसी थी झुग्गी

विकास नगर सेक्टर-12 के मिनी स्टेडियम से कुछ दूरी पर तीन बीघा खाली जमीन पर वर्षों से लोग झोपड़ियां बनाकर रह रहे थे लेकिन बुधवार शाम अचानक लगी आग ने सबकुछ तबाह कर दिया.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital