Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पॉश इलाके हजरतगंज से एक बेहद सनसनीखेज और खौफनाक मामला सामने आया है. यहां 28 वर्षीय कैफे संचालक शिवा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है.
शिवा की मां ने किसी हादसे की बात को सिरे से खारिज करते हुए उसकी लिव-इन पार्टनर श्रद्धा दुबे, उसके ड्राइवर और अन्य साथियों पर बेरहमी से पीटकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है.
‘एक्सीडेंट नहीं, बेटे की क्रूरता से की गई हत्या’
मृतक की मां रंजना शर्मा ने रोते हुए बताया कि उन्हें रात करीब 8 बजे रश्मि दुबे नाम की एक लड़की का फोन आया था कि शिवा का एक्सीडेंट हो गया है और वे उसे अस्पताल ले जा रहे हैं. जब परिवार वाले अस्पताल पहुंचे तो उन्हें मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में जाने को कहा गया.
मां का आरोप है कि जब वे एंबुलेंस के पास पहुंचे, तो वहां श्रद्धा दुबे का ड्राइवर सौरभ कश्यप खड़ा था, जो उन्हें देखते ही वहां से भाग निकला. एंबुलेंस चालक ने बताया कि वे लोग शव को लेकर तीन घंटे तक शहर में घूमते रहे.
रंजना शर्मा ने जब अपने बेटे के शव को देखा, तो उनके होश उड़ गए. उन्होंने दर्दनाक खुलासा करते हुए कहा कि उनके बेटे के पूरे शरीर पर मारपीट के गंभीर निशान थे. शिवा की आंखें फूटी हुई थीं, जबड़े टूटे थे, कान से खून बह रहा था, पूरा शरीर सिगरेट से दागा गया था और एक पैर भी टूटा हुआ था. मां का कहना है कि यह किसी भी एंगल से एक्सीडेंट नहीं, बल्कि सोच-समझकर की गई एक दर्दनाक हत्या है.
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने लिव-इन पार्टनर श्रद्धा दुबे, उनकी बहन रश्मि दुबे, ड्राइवर और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह का खुलासा हो सकेगा. फिलहाल, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहराई से छानबीन कर रही है.
यह भी पढ़ें: ‘तो हो जाए अयोध्या में फैसला’, सीएम योगी ने स्वीकार की अखिलेश यादव की चुनौती
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
