देश के सबसे चर्चित पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर ब्रांड Bisleri को लेकर बड़ी हलचल मची हुई है. पानी के सैंपल दो बार टेस्ट में फेल होने के बाद खाद्य सुरक्षा नियामक FSSAI ने कंपनी के खिलाफ अदालत में केस चलाने की मंजूरी दे दी है, जिससे बवाल खड़ा हो गया है. इस पूरे विवाद पर सोमवार को बिसलेरी इंटरनेशनल ने आधिकारिक बयान जारी कर अपना पक्ष रखा और इसे 14 महीने पुराना मामला बताते हुए सफाई दी है.
क्या है पूरा मामला?
गोवा प्लांट से जुड़े इस मामले में करीब 9 महीने तक कोई नई हलचल नहीं दिखी थी, लेकिन रविवार (22 नवंबर 2026) को FSSAI ने साफ किया कि दो अलग-अलग लैब टेस्ट में सैंपल फेल पाए जाने के बाद अब बिसलेरी के खिलाफ केस चलाने की मंजूरी दे दी गई है. इस खबर के सामने आते ही पानी की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं.
Bisleri ने सफाई में क्या कहा?
कार्रवाई की खबरों के बीच बिसलेरी ने सोमवार को बयान जारी कर कहा कि यह मामला 14 महीने पुराना है. कंपनी के मुताबिक, पिछले साल 30 सितंबर को FSSAI की टीम ने गोवा प्लांट से कुल 6 नमूने लिए थे, जिनमें से 5 नमूने सभी गुणवत्ता मानकों पर खरे उतरे थे. केवल छठे सैंपल की शुरुआती जांच में ब्रोमेट का स्तर 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर पाया गया था, जो तय सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर से थोड़ा अधिक था.
लैब रिपोर्ट के विरोधाभास और स्वतंत्र जांच का दावा
Bisleri कंपनी ने अपनी सफाई में आगे बताया कि नवंबर 2025 में अपील के बाद जब सैंपल को रेफरल लैब भेजा गया, तो वहां ब्रोमेट तो तय सीमा के भीतर मिला, लेकिन पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) की मौजूदगी दर्ज की गई. दोनों लैब रिपोर्ट में अंतर देखते हुए बिसलेरी ने FSSAI से मान्यता प्राप्त एक स्वतंत्र लैब में उसी तारीख और उसी लॉट के पानी की दोबारा जांच कराई, जिसमें पानी सभी सुरक्षा मानकों पर सुरक्षित पाया गया.
इसके अलावा, बिसलेरी ने कहा कि पीने के पानी की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है, गुणवत्ता पर कड़ी निगरानी रखी जाती है और नियामक प्रक्रिया के तहत FSSAI के साथ पूरा सहयोग जारी रहेगा.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




