Bharat Express DD Free Dish

मोहल्ले के तानों से परेशान…फिर ले ली बहन की जान; मेरठ में कलयुगी भाई ने दागी गोली

मेरठ के लोहिया नगर में एक भाई ने पड़ोसी लड़के से बातचीत करने के शक में अपनी 20 वर्षीय नाबालिग बहन की अवैध तमंचे से गोली मारकर हत्या कर दी. मोहल्ले के तानों से परेशान आरोपी ने सुबह विवाद के बाद इस वारदात को अंजाम दिया.

Meerut News Brother Shoots 20 Year Old Sister Over Suspicion in Zakir Colony
Edited by Vaibhav Gupta

उत्तर प्रदेश के मेरठ से ‘ऑनर किलिंग’ यानी झूठी शान के नाम पर हत्या की एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है. यहां लोहिया नगर थाना क्षेत्र की जाकिर कॉलोनी में एक कसाई भाई ने अपनी ही 20 साल की सगी बहन की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी. हत्या की वजह सिर्फ इतनी थी कि भाई को अपनी बहन के चरित्र पर शक था. वारदात को अंजाम देकर जब आरोपी भागने की फिराक में था, तभी मुस्तैद पुलिस ने उसे धर दबोचा.

बहन के नाम पर मारते थे ताने

जानकारी के अनुसार, जाकिर कॉलोनी के रहने वाले अक्से के बेटे आरिश को पिछले कुछ समय से शक था कि उसकी नाबालिग छोटी बहन पड़ोस के ही एक लड़के से बातचीत करती है. आरिश ने इसे लेकर कई बार अपनी बहन को टोका और समझाया भी था, लेकिन लड़की नहीं मानी. धीरे-धीरे यह बात पूरे मोहल्ले और गांव में आग की तरह फैल गई. आस-पड़ोस के लोग और दोस्त भी आरिश को उसकी बहन के नाम पर ताने मारने लगे थे, जिससे वह बुरी तरह खीझ चुका था.

पहले कहासुनी फिर चली गोली

शनिवार सुबह इसी बात को लेकर आरिश और उसकी बहन के बीच एक बार फिर तीखी बहस शुरू हो गई. बात इतनी बढ़ गई कि गुस्से में आपा खो चुके आरिश ने घर में रखा अवैध तमंचा निकाला और अपनी बहन पर सीधे फायर झोंक दिया. गोली लगते ही लड़की चीख पड़ी और मौके पर ही तड़प-तड़प कर उसकी मौत हो गई. गोली की आवाज सुनकर जब तक घरवाले कमरे की तरफ दौड़े, तब तक सब कुछ खत्म हो चुका था. जवान बेटी की मौत से घर में कोहराम मच गया है.

अस्पताल प्रशासन से मिली पुलिस को सूचना

मामले की जानकारी देते हुए एसपी सिटी विनायक गोपाल भोंसले ने बताया कि वारदात के बाद परिजनों ने सीधे पुलिस को फोन नहीं किया था. वे खून से लथपथ लड़की को लेकर तुरंत अस्पताल भागे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को इस कत्ल की जानकारी दी.

सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत एक्शन में आई और मौके से भाग रहे आरोपी भाई आरिश को गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है.

ये भी पढ़ें: ‘पहले दिन से ‘खेल’ चल रहा था’, चंदा घोटाले पर बृजभूषण सिंह का बम, कहा- मंदिर में गड़बड़ी थी तभी रखी दूरी

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read