Bharat Express DD Free Dish

इंस्टाग्राम पर बढ़े फॉलोअर्स तो सनका पति, मेरठ में पार्लर चलाने वाली पत्नी को चाकू से गोदा

मेरठ के सरूरपुर में इंस्टाग्राम रील बनाने से नाराज पति प्रदीप ने अपनी इन्फ्लुएंसर पत्नी निशा चौहान की चाकू से गोदकर हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपी ने खुद को भी घायल कर लिया, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है.

Meerut Man Kills Instagram Influencer Wife Over Making Reels
Edited by Vaibhav Gupta

Meerut Crime: उत्तर प्रदेश के मेरठ में सोशल मीडिया पर वीडियो और रील्स बनाने को लेकर एक पति इस कदर हैवान बन गया कि उसने अपनी ही पत्नी की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति ने खुद पर भी चाकू से कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. फिलहाल पुलिस ने घायल पति को अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है. वहीं, मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.

रील बनाने को लेकर हुई बेहस

पुलिस के अनुसार, सरूरपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले प्रदीप अपनी पत्नी निशा चौहान और तीन बच्चों के साथ हर्रा कस्बे में रह रहे थे. निशा एक ब्यूटी पार्लर चलाती थीं और साथ ही सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर भी थीं. कुछ समय पहले निशा ने इंस्टाग्राम पर अपनी रील बनाकर डालना शुरू किया था, जिसे लोगों ने काफी पसंद किया और देखते ही देखते उनके हजारों फॉलोअर्स हो गए. लेकिन निशा का इस तरह वीडियो बनाना प्रदीप को कतई पसंद नहीं था. इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होने लगा था.

बच्चों के सामने मां को उतारा मौत के घाट

बुधवार सुबह भी वीडियो बनाने को लेकर प्रदीप और निशा के बीच तीखी बहस हुई. विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से से पागल प्रदीप ने चाकू उठाया और निशा पर ताबड़तोड़ हमले शुरू कर दिए. मां को खून से लथपथ और पिता को हमला करते देख तीनों बच्चे डर के मारे चीखते हुए घर से बाहर भागे. बच्चों की चीख-पुकार सुनकर जब पड़ोसी दौड़कर घर के अंदर पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गए. निशा की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि प्रदीप खून से लथपथ बेहोश पड़ा था.

मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई जारी

पड़ोसियों से घटना की सूचना मिलते ही सरधना के सीओ आशुतोष कुमार पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं. सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि पति-पत्नी के आपसी विवाद के चलते यह हत्या हुई है. सरूरपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. वहीं, निशा की मौत के बाद उनके बनाए वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं.

ये भी पढ़ें: Hapur: DSO सीमा चौधरी पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज, मां ने ही लगाए ‘काली कमाई’ और जालसाजी के गंभीर आरोप

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read