UP News: मुजफ्फरनगर से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. आरोप है कि एक डॉक्टर ने गरीब परिवार की बेटी को नौकरी देने के बहाने अपने घर बुलाया और फिर उसे बेहोशी का इंजेक्शन देकर शारीरिक शोषण किया. यही नहीं, उसने युवती की अश्लील वीडियो भी बनाई और लंबे समय तक उसे ब्लैकमेल करता रहा.
क्या है पूरा मामला?
युवती ने बताया कि डॉक्टर सुलेमान ने उसे घरेलू काम के लिए अपने घर रखा. एक दिन तबीयत खराब होने पर डॉक्टर ने उसे इंजेक्शन लगाया, जिससे वह बेहोश हो गई. होश आने पर उसने खुद को बिना कपड़ों के पाया और डॉक्टर ने उसके साथ गलत काम किया था. इसके बाद आरोपी ने वीडियो दिखाकर धमकी दी कि अगर उसने किसी को बताया तो वीडियो वायरल कर देगा और जान से मार देगा.
14 महीने तक ब्लैकमेल
पीड़िता का आरोप है कि वीडियो के जरिए डॉक्टर ने उसे लगातार धमकाया और 14 महीने तक शोषण करता रहा. जब उसने हिम्मत जुटाकर पिता को सब कुछ बताया तो वे उसे लेकर थाने पहुंचे. वहां शिकायत दर्ज हुई लेकिन आरोपी को जल्द ही छोड़ दिया गया.
वायरल वीडियो और आत्महत्या की धमकी
पुलिस कार्रवाई न होने से निराश युवती ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल किया. इसमें उसने अपनी पूरी आपबीती सुनाई और कहा कि अगर उसे इंसाफ नहीं मिला तो वह आत्महत्या कर लेगी. वीडियो में उसने पुलिस प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया और प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाई.
शिकायत के बाद हरकत में पुलिस
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई. एसएसपी ने मामले की जांच एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ को सौंपी. उन्होंने कहा कि शिकायत दर्ज है और जांच के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
पीड़िता की अपील
युवती ने अपने बयान में कहा कि डॉक्टर और उसकी पत्नी ने अपनापन दिखाकर उसे घर बुलाया और फिर धोखे से उसका शोषण किया. उसने बताया कि आरोपी ने कई बार मारपीट भी की और धमकी दी कि वीडियो वायरल कर देगा. अब वह सिर्फ इंसाफ चाहती है और कहती है कि अगर न्याय नहीं मिला तो वह अपनी जान दे देगी.
ये भी पढ़ें-दिल्ली के पालम में ‘मौत का तांडव’: धूं-धूं कर जली 4 मंजिला इमारत, मासूमों समेत 10 की मौत की आशंका
यह मामला न सिर्फ पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है बल्कि समाज में कमजोर वर्ग की बेटियों की सुरक्षा पर भी गंभीर चिंता जताता है. पीड़िता की वायरल वीडियो ने प्रशासन को जांच के लिए मजबूर कर दिया है और अब सबकी नजरें इस केस के नतीजे पर हैं.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

