Bharat Express DD Free Dish

26 सेकंड में 16 डंडे, मन नहीं भरा तो 1 लात! मुजफ्फरनगर में यूवक ने रिश्तेदार को बेरहमी से पीटा, VIDEO VIRAL

मुजफ्फरनगर में पुरानी रंजिश के चलते एक व्यक्ति को लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है. पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

Muzaffarnagar Man Beaten Viral Video: नीरज त्यागी/मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला एक दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां पुरानी रंजिश के चलते कुछ लोगों ने एक व्यक्ति को लाठी-डंडों से इतनी बेरहमी से पीटा कि देखने वालों की रूह कांप जाए. इस पूरी घटना का वीडियो खुद आरोपियों ने मोबाइल में रिकॉर्ड किया और फिर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई और त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

जंगल में की गई क्रूरता

यह सनसनीखेज घटना 8 अक्टूबर की है. नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के मखियाली गांव के रहने वाले शुभ और कार्तिक ने अपने ही रिश्तेदार मनीष को निशाना बनाया. वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि कैसे जंगल के बीच सन्नाटे में पीड़ित मनीष को घेरकर डंडों से ताबड़तोड़ पीटा जा रहा है. वीडियो में बेरहमी का आलम यह है कि महज 26 सेकंड के भीतर पीड़ित को 16 से ज्यादा डंडे और एक लात मारी गई.

आरोपियों ने इस खौफनाक वारदात का वीडियो खुद बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड किया था, जो देखते ही देखते वायरल हो गया. वीडियो वायरल होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला.

खेत के रास्ते को लेकर विवाद

मामले की जानकारी देते हुए सीओ नई मंडी राजू कुमार साव ने बताया कि यह पूरा मामला मखियाली गांव का है. पीड़ित मनीष और आरोपी पक्ष आपस में सगे रिश्तेदार हैं. इनके बीच काफी समय से किसी बात को लेकर आपसी रंजिश और तनातनी चल रही थी.

8 अक्टूबर की शाम को खेत में आने-जाने के रास्ते को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया. बात इतनी बढ़ गई कि आरोपी आक्रोशित हो गए और उन्होंने मनीष के साथ मारपीट शुरू कर दी. पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो का तुरंत संज्ञान लिया.

दोनों आरोपी गिरफ्तार

मंडी कोतवाली पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दोनों मुख्य आरोपियों शुभ (पुत्र संदीप) और कार्तिक को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले के अन्य पहलुओं की भी बारीकी से जांच की जा रही है और जो भी लोग इस कृत्य में शामिल पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें: अयोध्या के राम मंदिर को मिला FSSAI का ‘ईट राइट प्लेस ऑफ वेशर्प’ का सर्टिफिकेट, नवरात्र में उमड़ी भक्तों की भारी भीड़

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read