राम मंदिर को मिला 'Eat Right Place of Worship' का दर्जा
Ayodhya Ram Mandir FSSAI Certification: उत्तर प्रदेश के पावन शहर अयोध्या से एक बहुत ही अच्छी और गर्व की खबर सामने आई है. राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र को भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) की तरफ से ‘ईट राइट प्लेस ऑफ वेशर्प’ (Eat Right Place of Worship) का प्रतिष्ठित प्रमाण पत्र मिल गया है. मंदिर परिसर में खाद्य सुरक्षा, साफ-सफाई और स्वच्छता के उच्च मानकों को पूरी तरह से परखने और खरा उतरने के बाद FSSAI ने यह सर्टिफिकेट जारी किया है.
FSSAI के सीईओ ने सौंपा प्रमाण पत्र
इस खास सर्टिफिकेट को देने के लिए अयोध्या में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां FSSAI के सीईओ रजित पुनहानी ने खुद यह प्रमाण पत्र मंदिर ट्रस्ट को सौंपा. अधिकारियों के मुताबिक, यह सर्टिफिकेशन अगले दो साल यानी दो साल की अवधि के लिए पूरी तरह से वैध रहेगा. इससे राम मंदिर आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को और भी बेहतर और सुरक्षित खान-पान की व्यवस्था का भरोसा मिलेगा.
रामकोट परिक्रमा और नवरात्र में पहुंचे भक्त
इस बीच, श्री राम जन्मभूमि मंदिर के ट्रस्टी महंत दिनेन्द्र दास ने इन दिनों चल रही ‘रामकोट परिक्रमा’ और नवरात्र के पावन अवसर पर रामलला के दर्शन के लिए आ रहे श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को लेकर खास जानकारी साझा की है.
महंत दिनेन्द्र दास ने बताया कि पिछले डेढ़ से दो सालों से लगातार रामकोट परिक्रमा का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें हिस्सा लेने के लिए दूर-दूर से भक्त पहुंच रहे हैं. उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए बताया कि आज सुल्तानपुर और बस्ती जैसे जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु अयोध्या पहुंचे हैं और उन्होंने पारंपरिक रूप से परिक्रमा कर रामलला के चरणों में हाजिरी लगाई है.
ये भी पढ़ें- ‘ग्रामोदय से राष्ट्रोदय के प्रणेता…’, नानाजी देशमुख की जयंती पर गृह मंत्री अमित शाह ने किया बड़ा नमन
नवरात्र के पहले दिन देशभर के मंदिरों में लगा तांता
आज से शारदीय नवरात्र की शुरुआत हो चुकी है, जिसके बाद से ही अयोध्या समेत देश भर के तमाम बड़े और प्रसिद्ध मंदिरों में भक्तों का तांता लग गया है. सुबह सवेरे से ही हजारों की संख्या में श्रद्धालु प्रमुख मंदिरों में पहुंचकर देवी-देवताओं के दर्शन कर रहे हैं और परिवार की सुख-शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं. नवरात्र के पहले दिन मंदिरों में गूंजते मंत्रों और जयकारों से पूरा माहौल पूरी तरह से भक्तिमय हो गया है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



