Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

रामपुर में आधी रात को गूंजी गोलियां: 22 मुकदमों वाला इनामी बदमाश गुफरान ढेर, मुठभेड़ में पुलिसकर्मी भी जख्मी

रामपुर में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी अपराधी गुफरान घायल हालत में गिरफ्तार किया गया है. आश्रम पद्धति स्कूल रोड पर हुई इस फायरिंग में एक हेड कांस्टेबल के हाथ में भी गोली लगी है.

rampur-police-encounter-prize-criminal-gufran-arrested-firing-injured

Rampur Encounter: सुरेश दिवाकर/रामपुर: उत्तर प्रदेश के रामपुर में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्लीन’ के तहत पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. सोमवार देर रात पुलिस और एक शातिर अपराधी के बीच हुई सीधी मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी बदमाश गुफरान गोली लगने से घायल हो गया. इस जवाबी फायरिंग में पुलिस का एक जांबाज हेड कांस्टेबल भी जख्मी हुआ है. पुलिस ने आरोपी के पास से अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए हैं.

आश्रम पद्धति स्कूल रोड पर हुई घेराबंदी

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि संभल के दीपा सराय का रहने वाला शातिर अपराधी गुफरान किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के इरादे से रामपुर की सीमा में दाखिल हुआ है. सूचना मिलते ही पुलिस ने आश्रम पद्धति स्कूल रोड पर चेकिंग अभियान तेज कर दिया.

इसी दौरान एक संदिग्ध को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन खुद को पुलिस से घिरता देख बदमाश ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी.

जवाबी कार्रवाई में कांस्टेबल घायल

बदमाश की ओर से की गई फायरिंग में हेड कांस्टेबल राजीव के हाथ में गोली लग गई. इसके बाद पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली बदमाश गुफरान के पैर में लगी और वह वहीं गिर पड़ा. पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर उसे दबोच लिया. घायल बदमाश और सिपाही दोनों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. डॉक्टरों के मुताबिक, हेड कांस्टेबल राजीव की हालत अब खतरे से बाहर है.

22 मुकदमों का इतिहास

पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने बताया कि गिरफ्तार गुफरान एक पेशेवर अपराधी है, जिस पर अलग-अलग थानों में हत्या, लूट और चोरी जैसे करीब 22 गंभीर मामले दर्ज हैं. वह काफी समय से फरार चल रहा था, जिसके चलते उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था.

बता दें कि पुलिस ने मौके से एक अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और एक धारदार चाकू बरामद किया है. फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है ताकि उसके अन्य साथियों और आपराधिक नेटवर्क का भंडाफोड़ किया जा सके.

ये भी पढ़ें: ‘काटकर फेंक देंगे… डॉक्टर की दबंगई! मरीज को दी धमकी, VIDEO वायरल होते ही मचा बवाल

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital