Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

यूपी में अब यहां चला बुलडोजर- तालाब की जमीन पर बना सपा नेता अब्दुल नईम का रिजॉर्ट किया गया ध्वस्त

समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के करीबी सपा नेता और करहल नगर पंचायत के चेयरमैन अब्दुल नईम के अवैध रिसॉर्ट को मैनपुरी जिला प्रशासन ने बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया है.

Resort demolished in Mainpuri

मैनपुरी में ध्वस्त हुआ रिसॉर्ट

Vijay Ram Edited by Vijay Ram

Mainpuri News today: उत्‍तर प्रदेश में अवैध निर्माण-कार्यों को ध्‍वस्‍त करने के लिए लगातार बुलडोजर एक्‍शन चल रहा है. आज मैनपुरी जिले में एक रिजॉर्ट को ढहा दिया गया है, जो सरकारी तालाब की जमीन पर बनाया गया था. यह रिजॉर्ट समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के करीबी सपा नेता और करहल नगर पंचायत के चेयरमैन अब्दुल नईम का था.

अवैध तरीके से बनाए गए रिजॉर्ट को ध्वस्त करने के लिए रविवार को तमाम बड़े अफसरों व पुलिस और पीएसी बल को मौके पर भेजा गया. भारी पुलिस और पीएसी बल के तैनात होने की वजह से आस-पास के इलाके में सन्नाटा पसरा रहा. करहल के पूर्व चेयरमैन संजीव यादव ने बताया कि करहल कस्बे के मोहल्ला ईदगाह कॉलोनी में चेयरमैन अब्दुल नईम का एक आलीशान रिसॉर्ट तालाब की जमीन पर बना था.

करहल के पूर्व चेयरमैन संजीव यादव ने अवैध तरीके से बनाए गए रिजॉर्ट को लेकर बीते साल सीएम योगी से की शिकायत की थी. तब सीएम योगी ने जिलाधिकारी मैनपुरी को मामले की जांच करने के आदेश दिए थे. डीएम करहल ने तुरंत इस मामले की जांच के लिए टीम का गठन किया. जांच में रिसॉर्ट चेयरमैन अब्दुल नईम की पत्नी के नाम पर होने की बात सामने आई, जिसकी सुनवाई तहसीलदार करहल की कोर्ट में हुई. तहसीलदार कोर्ट में सुनवाई पर तथ्य सही पाए गए.

अदालत में ऐसे चला मामला

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 2 सितंबर 2023 को तहसीलदार ने कोर्ट में रिजॉर्ट को अवैध मानते हुए इसे ध्वस्त करने का आदेश जारी किया. इस आदेश के खिलाफ चेयरमैन नईम की पत्नी फरजाना बेगम ने जिलाधिकारी से उनका पक्ष नहीं सुने जाने की बात कहकर शिकायत की. जिलाधिकारी ने जांच में वादी की शिकायत को गलत बताते हुए तहसीलदार के रिसॉर्ट ध्वस्तीकरण के आदेश को बरकरार रखा. इसके बाद ध्वस्तीकरण में देरी के चलते पूर्व चेयरमैन ने सीएम योगी से फिर मुलाकात कर पूरे मामले में जल्दी कार्रवाई करने की मांग की. उनकी इस मांग पर सीएम योगी ने डीएम मैनपुरी को जल्द से जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दिए.

आधा दर्जन बुलडोजर लगाए गए

सीएम योगी के आदेश के बाद जिले के अधिकारियों में हलचल बढ़ गई. इसके बाद रविवार को करहल एसडीएम नीरज द्विवेदी, सीओ संतोष कुमार और कई थानों व पीएसी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे. करीब आधा दर्जन बुलडोजर का प्रयोग करते हुए रिजॉर्ट ढहा दिया गया.

– भारत एक्‍सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital