सपा-कांग्रेस में सीट शेयरिंग पर मंथन
UP Assembly Elections 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने सीटों के तालमेल को लेकर औपचारिक बातचीत का दौर शुरू कर दिया है. सोमवार को नई दिल्ली में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सांसद प्रमोद तिवारी के सरकारी आवास पर दोनों दलों के प्रतिनिधियों की अहम बैठक हुई. हालांकि पहली बैठक ज्यादा लंबी नहीं चली लेकिन दोनों पक्षों ने इसे सकारात्मक शुरुआत बताया.
बैठक में कांग्रेस की ओर से उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और सांसद इमरान मसूद मौजूद रहे. वहीं समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधित्व राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव, प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, सांसद राजीव राय और सांसद इकरा हसन ने किया. इस बातचीत के जरिए दोनों दल आगामी विधानसभा चुनाव के लिए साझा रणनीति तैयार करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं.
जल्द अंतिम रूप लेगी बातचीत- रामगोपाल यादव
बैठक समाप्त होने के बाद सपा के वरिष्ठ नेता रामगोपाल यादव ने कहा कि चर्चा अभी शुरुआती चरण में है और अगले कुछ दिनों तक इसका सिलसिला जारी रहेगा. उन्होंने बताया कि अगले दिन फिर से दोनों पक्षों की बैठक होगी और आने वाले दो से तीन दिनों के भीतर अधिकांश मुद्दों पर सहमति बनने की उम्मीद है.
रामगोपाल यादव ने भरोसा जताया कि जो भी फैसला होगा, वह दोनों दलों के सम्मान और राजनीतिक हितों को ध्यान में रखकर किया जाएगा. उनके अनुसार सीटों के बंटवारे का समझौता आपसी सहमति और सम्मानजनक तरीके से पूरा होगा.
प्रमोद तिवारी ने बताया बैठक का मकसद
बैठक शुरू होने से पहले कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उनके आवास पर दोनों दलों के नेताओं की बैठक आयोजित की जा रही है. उन्होंने इसे गठबंधन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया.
प्रमोद तिवारी ने कहा कि सभी नेता बेहद सकारात्मक माहौल में बातचीत कर रहे हैं और इस प्रक्रिया में पारस्परिक सम्मान को सबसे ज्यादा महत्व दिया जाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि सीटों को लेकर आगे की चर्चा सौहार्दपूर्ण तरीके से आगे बढ़ेगी. बीजेपी की प्रतिक्रिया पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने सवाल किया कि आखिर विपक्षी गठबंधन की आंतरिक बातचीत से सत्तारूढ़ दल को इतनी चिंता क्यों हो रही है.
हर विधानसभा सीट का अलग से होगा मूल्यांकन
समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव राय ने बताया कि दोनों दलों ने तय किया है कि हर विधानसभा सीट का अलग-अलग विश्लेषण किया जाएगा. उनके मुताबिक किसी भी सीट को लेकर जल्दबाजी में फैसला नहीं लिया जाएगा, बल्कि स्थानीय राजनीतिक स्थिति और चुनावी संभावनाओं को ध्यान में रखकर निर्णय लिया जाएगा.
उन्होंने कहा कि दोनों दलों के शीर्ष नेताओं का मुख्य लक्ष्य भारतीय जनता पार्टी को चुनौती देना है. ऐसे में सीट बंटवारे के दौरान वही फार्मूला अपनाया जाएगा, जिससे गठबंधन को अधिकतम राजनीतिक फायदा मिल सके.
जीत की संभावना होगी सबसे बड़ा आधार
राजीव राय ने स्पष्ट किया कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव पहले ही साफ कर चुके हैं कि सीटों के बंटवारे में सबसे महत्वपूर्ण मानदंड विनेबिलिटी यानी जीतने की क्षमता होगी. उन्होंने याद दिलाया कि 2024 के लोकसभा चुनाव में भी केवल पुराने चुनावी आंकड़ों के आधार पर सीटें तय नहीं की गई थीं.
उनके अनुसार दोनों दल ऐसे फॉर्मूले पर सहमत होना चाहते हैं, जिससे प्रत्येक सीट पर जीत की संभावनाएं मजबूत हों. उन्होंने कहा कि अभी बातचीत की शुरुआत हुई है, इसलिए यह बताना जल्दबाजी होगी कि इस प्रक्रिया के कितने दौर आयोजित किए जाएंगे.
दो-तिहाई बहुमत का दावा
कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि अब गठबंधन को लेकर आधिकारिक स्तर पर चर्चा शुरू हो चुकी है. उन्होंने बताया कि दोनों पक्ष उन विधानसभा क्षेत्रों की पहचान करेंगे, जहां संयुक्त उम्मीदवार उतारने पर जीत की संभावना अधिक है.
तिवारी ने विश्वास जताते हुए कहा कि यदि गठबंधन की रणनीति सफल रहती है तो उत्तर प्रदेश में उनकी सरकार दो-तिहाई बहुमत के साथ बन सकती है. उन्होंने दावा किया कि जनता बदलाव चाहती है और गठबंधन को उसका फायदा मिलेगा.
इमरान मसूद ने भी जताया भरोसा
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने भी दोनों दलों के बीच चल रही बातचीत को लेकर सकारात्मक संकेत दिए. उन्होंने कहा कि वार्ता सही दिशा में आगे बढ़ रही है और किसी तरह की बड़ी परेशानी की आशंका नहीं है.
बीजेपी के एक चुनावी नारे पर कटाक्ष करते हुए मसूद ने कहा कि पहले भगवान राम और अब भगवान कृष्ण भी उनसे नाराज हैं. इसके अलावा उन्होंने चुनाव आयोग को लेकर भी टिप्पणी की और कहा कि हालात पहले से अलग दिखाई दे रहे हैं.
अवधेश प्रसाद ने खारिज किए मतभेद के दावे
समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने सीटों को लेकर किसी भी प्रकार के विवाद या खींचतान की बात से इनकार किया. उन्होंने कहा कि दोनों दलों के बीच संवाद अच्छा चल रहा है और वार्ता का परिणाम सकारात्मक रहेगा.
उनके मुताबिक गठबंधन में शामिल दलों के बीच सीटों को लेकर कोई बड़ा मतभेद मौजूद नहीं है और सभी पक्ष मिलकर समाधान निकालने के लिए तैयार हैं.
कांग्रेस ने मांगीं 181 विधानसभा सीटें
औपचारिक बातचीत शुरू होने से पहले कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी को 181 विधानसभा सीटों की सूची सौंपी थी. इस सूची में 135 सामान्य वर्ग की सीटें, 45 अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित सीटें और एक अनुसूचित जनजाति सीट शामिल है.
कांग्रेस चाहती है कि गठबंधन में उसे सम्मानजनक हिस्सेदारी मिले. दूसरी ओर, सूत्रों के अनुसार समाजवादी पार्टी फिलहाल कांग्रेस को 50 से 60 सीटें देने के पक्ष में दिखाई दे रही है. हालांकि यदि बातचीत आगे बढ़ती है और कांग्रेस अधिक सीटों की मांग पर जोर देती है तो 10 से 20 अतिरिक्त सीटों पर भी विचार किया जा सकता है.
बातचीत के लिए दोनों दलों ने बनाई कमेटियां
सीट बंटवारे की प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ाने के लिए दोनों पक्षों ने अलग-अलग कमेटियां गठित की हैं. समाजवादी पार्टी की चार सदस्यीय समिति का नेतृत्व रामगोपाल यादव कर रहे हैं. इसमें श्यामलाल पाल, राजीव राय और इकरा हसन को भी शामिल किया गया है.
वहीं कांग्रेस की टीम में यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष इमरान मसूद और विधानमंडल दल के नेता वीरेंद्र चौधरी शामिल हैं. राजनीतिक हलकों में यह भी माना जा रहा है कि प्रियंका गांधी वाड्रा और केसी वेणुगोपाल इस पूरी प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं.
2022 में अलग राह, 2024 में साथ आए
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने अपने-अपने दम पर चुनाव लड़ा था. उस चुनाव में सपा ने 347 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे और 111 सीटों पर जीत हासिल की थी. दूसरी तरफ कांग्रेस ने 399 सीटों पर चुनाव लड़ा, लेकिन उसे केवल दो सीटों पर सफलता मिली. हालांकि 2024 के लोकसभा चुनाव में दोनों दल INDIA गठबंधन के मंच पर साथ आए. उस चुनाव में समाजवादी पार्टी ने 62 सीटों पर उम्मीदवार उतारकर 37 सीटें जीती थीं, जबकि कांग्रेस ने 17 सीटों पर चुनाव लड़कर छह सीटों पर जीत दर्ज की थी. अब इसी साझेदारी को विधानसभा चुनाव में भी आगे बढ़ाने की तैयारी चल रही है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.






