UP Codeine Syrup Case: उत्तर प्रदेश खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने कोडीन युक्त सिरप और नारकोटिक्स श्रेणी की दवाओं के भंडारण और अवैध बिक्री मामले में वाराणसी, सुल्तानपुर, भदोही और प्रयागराज की 19 दवा फर्म के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में एफआईआर दर्ज की है. जांच एजेंसियों को इन फर्मों के संचालकों के पास से कोडीन युक्त सिरप और बिक्री खरीद से संबंधित दस्तावेज नहीं पाये गए.
जांच में पाया गया कि फर्म संचालक इन नारकोटिक्स श्रेणी की दवाओं की बिक्री नशे के लिए कर रहे थे. जिसके बाद इनके खिलाफ केस दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है.

वाराणसी में 28 मामले किये गए दर्ज
उत्तर प्रदेश खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने इस मामले में वाराणसी की राधिका इंटरप्राइजेज के संचालक प्रशांत उपाध्याय, मेड रेमेडी के आकाश पाठक, श्री हरि फार्मा के अमित जायसवाल, विश्वनाथ मेडिकल एजेंसी के विशाल सोनकर, सौम्या मेडिकल के सचिन पांडे, श्री राम फार्मा के घनश्याम, खाटू फार्मा के अभिनव यादव , काल भैरव ट्रेडर्स के बादल आर्य, विंध्यवासिनी ट्रेडर्स के सचिन यादव , वीएसएम फर्म के हिमांशु चतुर्वेदी, पूर्णा फार्मा की पूजा तिवारी और श्याम फार्मा के राहुल कुमार जायसवाल पर एफआईआर दर्ज की है.
सुल्तानपुर में चल रहा था बड़ा सिंडिकेट
जांच एजेंसियों ने इस मामले में सुल्तानपुर में भी बड़ी कार्रवाई की है. एजेंसियों ने सुल्तानपुर में वैभव फार्मा के संचालक वैभव श्रीवास्तव , वैश्य मेडिकल स्टोर के राजेश कसौधन , अमर फार्मा के पुष्पेंद्र कुमार सिंह और अनीश मेडिकल एजेंसी के अनीज खान के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है.
वहीं उत्तर प्रदेश खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने भदोही की श्री गुरुदेव मेडिकल एजेंसी, ओपी फार्मा के ओमप्रकाश कसेरा और प्रयागराज के आशुतोष फार्मा के आशुतोष पटेल के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज की है.
ये भी पढ़ें- गोल्डी बराड़ गैंग को बड़ा झटका! कपिल शर्मा के कैफे फायरिंग का आरोपी बंधु मान सिंह सेखों दिल्ली से गिरफ्तार
अबतक कुल 87 एफआईआर दर्ज
प्रदेश खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के आयुक्त रोशन जैकब ने इन सभी फर्मों के लाइसेंस भी निरस्त करने के निर्देश जारी किये हैं. इस मामले में एफएसडीए ने अभी तक कोडिंन युक्त सिरप और अन्य नारकोटिक्स दवाओं की अवैध बिक्री और भंडारण के मामले में वाराणसी में 28 , जौनपुर में 12, कानपुर नगर में 8 , लखनऊ में तीन, चंदौली-बहराइच-सुल्तानपुर-गाजीपुर में 36 एफआईआर दर्ज कराई है.
जांच एजेंसियां इनसे संबंधित इस सिंडिकेट में शामिल अन्य प्रतिष्ठानों की भी जांच कर रही है. अब तक कुल विभाग की तरफ से 87 एफआईआर कोडीन युक्त सीरप के अवैध कारोबार को लेकर कराई गई दर्ज.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

