Bharat Express DD Free Dish

यूपी में बिजली संकट पर राजेश्वर सिंह ने ऊर्जा मंत्री को लिखी चिट्ठी, बोले-‘लाओ अमेरिका-सिंगापुर मॉडल’

यूपी में बढ़ती बिजली कटौती और लो वोल्टेज की समस्या पर बीजेपी विधायक राजेश्वर सिंह ने ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा को कड़ी चिट्ठी लिखी है. उन्होंने अमेरिका, जापान और सिंगापुर मॉडल अपनाकर बिजली व्यवस्था सुधारने की मांग उठाई है..

UP Power Crisis BJP MLA Letter: उत्तर प्रदेश में विधानसभा और पंचायत चुनावों से ठीक पहले बिजली संकट को लेकर सियासत पूरी तरह गरमा गई है. भीषण गर्मी के बीच राजधानी लखनऊ समेत पूरा सूबा बिजली कटौती से कराह रहा है, जिससे जनता का हाल बेहाल है. ऐसी परिस्थियों में जनप्रतिनिधियों का भी गुस्सा भी फूट पड़ा है.

इस कड़ी में लखनऊ की सरोजनीनगर सीट से बीजेपी विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा को एक बेहद तल्ख चिट्ठी लिख दी है. विधायक ने साफ कहा है कि बार-बार बिजली कटना गंभीर चिंता का विषय है और अब यूपी की बिजली व्यवस्था को सुधारने के लिए अमेरिका और सिंगापुर का मॉडल अपनाना ही पड़ेगा.

20 मई की रात फूटा जनता का गुस्सा

यूपी में बिजली को लेकर हालात इस कदर बदतर हो चुके हैं कि 20 मई की रात लखनऊ के कई पॉश इलाकों में लगातार 3 घंटे तक बत्ती गुल रही. उमस और भीषण गर्मी से परेशान लोगों का सब्र जवाब दे गया और उन्होंने आधी रात को ही सड़क जाम कर बिजली घर का घेराव कर दिया. चुनावी साल में राजधानी के भीतर जनता का यह उग्र प्रदर्शन बीजेपी विधायकों की धड़कनें बढ़ा रहा है, क्योंकि यूपी के चुनावों में बिजली हमेशा से सबसे बड़ा और निर्णायक मुद्दा रही है.

लो वोल्टेज और फुंकते ट्रांसफार्मर से जनता त्रस्त

विधायक राजेश्वर सिंह ने ऊर्जा मंत्री को लिखी चिट्ठी में साफ शब्दों में कहा है कि बार-बार बिजली बाधित होना, लो वोल्टेज, ट्रांसफार्मर का ओवरलोड होना और फ्यूज उड़ने जैसी बुनियादी शिकायतों के समाधान में बिजली विभाग घोर लापरवाही बरत रहा है.

उन्होंने लिखा कि अफसरों की इस सुस्ती की वजह से आम जनता में सरकार के खिलाफ भारी असंतोष और आक्रोश पनप रहा है. खासकर उनके अपने विधानसभा क्षेत्र सरोजनीनगर में लोग लो वोल्टेज और घंटों की अघोषित कटौती से बेहद परेशान हैं.

ये भी पढ़ें: 24 घंटे, 2 फरमान और बंगाल में मचा बवाल, मदरसों और सरकारी कर्मचारियों पर सुवेंदु सरकार का नया आदेश

सिंगापुर मॉडल से बिजली बचाने की सलाह

अपनी इस विशेष चिट्ठी में बीजेपी विधायक ने ऊर्जा मंत्री को सिर्फ घेरा ही नहीं बल्कि विदेशी तर्ज पर समाधान भी सुझाया है. उन्होंने सलाह दी कि सिंगापुर के ‘मरीना बे’ की तरह लखनऊ के एयरपोर्ट कॉरिडोर, आईटी पार्क्स और बड़ी टाउनशिप में ‘डिस्ट्रिक्ट कूलिंग सिस्टम’ लागू किया जाना चाहिए, जिससे 20 से 30 फीसदी बिजली की सीधी बचत होती है. इसके साथ ही उन्होंने बिजली के बेहतर बुनियादी ढांचे के लिए जापान और अमेरिका के आधुनिक मॉडल्स को भी यूपी में लागू करने की वकालत की है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read